जबलपुर-मंडला पेट्रोल पंप डकैती का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; 50,500 रुपए और स्कॉर्पियो बरामद
जबलपुर/मंडला।जबलपुर की सीमा से लगे मंडला जिले के मनेरी क्षेत्र में अतुलित फिलिंग पेट्रोल पंप में डकैती डालने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 93,875 रुपए में से 50,500 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है।
कैसे हुई पेट्रोल पंप पर डकैती?
पुलिस के अनुसार मनेरी क्षेत्र स्थित अतुलित पेट्रोल पंप पर स्कॉर्पियो से पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ धारदार हथियारों के बल पर मारपीट की और करीब 93,875 रुपए लूटकर फरार हो गए।
9 अगस्त की देर रात हुई इस वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके बाद पुलिस टीमों ने लगातार आरोपियों की तलाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?
- 50,500 रुपए नगद
- वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन
पुलिस गिरफ्त में चार आरोपी
- अमित झारिया
- पवन झारिया
- सौरभ शर्मा
- शिवम श्रीपाल
मुख्य आरोपी इंजीनियरिंग छात्र सहित चार अभी भी फरार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले का मुख्य आरोपी आयुष विश्वकर्मा इंजीनियरिंग का छात्र है। आयुष विश्वकर्मा और उसके तीन साथी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
आयुष विश्वकर्मा सहित तीन अन्य आरोपी।
जबलपुर के कई क्षेत्रों में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई 8 पुलिस टीमों में करीब 40 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। टीमों ने जबलपुर के बरेला, भूकंप कॉलोनी, मेडिकल कॉलेज क्षेत्र सहित कई इलाकों में दबिश दी।
लगातार की गई कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन ड्राइवर, एक लगाता है अंडे का ठेला
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से दो का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन ड्राइवर हैं, जबकि एक आरोपी अंडे का ठेला लगाता है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने अपने एक दोस्त से स्कॉर्पियो किराए पर ली थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की गिरफ्तारी पर कुल 30,000 रुपए का इनाम घोषित था।
