हरियाली तीज महोत्सव में वृक्षारोपण
महिला सशक्तिकरण और ‘पानी बंद’ जैसी कुप्रथा पर नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया सामाजिक सुधार का संदेश*
दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला। कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला के तत्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित सरदार पटेल मंगल भवन, बिंझिया में जिला स्तरीय हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और सामाजिक सरोकार के संदेश के साथ किया गया। “आओ पेड़ लगाएं-सच्चे भारतीय कहलाएं” की थीम पर आयोजित महोत्सव में जिलेभर से बड़ी संख्या में मातृशक्तियों, बच्चों और समाजजनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल, भारत माता एवं कुर्मी समाज की कुलदेवी मां उमिया के चित्र पर पूजन-अर्चन के साथ हुआ। सावन माह के अवसर पर भगवान महाकाल एवं माता पार्वती का पूजन कर आरती की गई। इसके बाद विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
*कुप्रथाओं के खिलाफ नुक्कड़ नाटक बना आकर्षण*
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ‘समाज में पानी बंद’ जैसी सामाजिक कुप्रथा पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहा। महिलाओं ने प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से समाज में किसी व्यक्ति या परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने जैसी प्रथाओं के दुष्परिणामों को सामने रखा। नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया कि सामाजिक मतभेदों का समाधान बहिष्कार नहीं, बल्कि संवाद, समझ और सामाजिक समरसता से होना चाहिए।
*सुधा सिंगौर की स्मृति में हुआ वृक्षारोपण*
हरियाली तीज को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए समाज की पूर्व महिला अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीमती सुधा सिंगौर की स्मृति में महिलाओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया गया।
*हरे परिधानों में दिखी सावन की रंगत*
महोत्सव में महिलाओं और बच्चों ने हरे परिधानों में सजकर सावन की परंपरा और संस्कृति को जीवंत किया। पारंपरिक गीतों पर नृत्य, गायन, विभिन्न रोचक खेल एवं प्रतियोगिताओं के साथ महिलाओं ने झूला झूलकर सावन के उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं ने विभिन्न सामाजिक एवं समाज विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार भी रखे।
*महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण पर कार्यशाला*
महिला सशक्तिकरण की दिशा में आयोजित कार्यशाला में जिला चिकित्सालय मंडला में पदस्थ *डॉ. अंकिता पटेल एवं डॉ. राशि सिंगौर* ने महिलाओं का मार्गदर्शन किया। स्वास्थ्य, जागरूकता और महिलाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
*एकता और सामाजिक सुधार को आगे बढ़ाने का संकल्प*
कार्यक्रम का संचालन *श्रीमती गौरी राजकुमार सिंगौर* ने किया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज की महिलाओं और बच्चों को एकता के सूत्र में बांधकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और समाज में आपसी सद्भाव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी महिलाओं, बच्चों एवं परिजनों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए। कुर्मी समाज विकास संगठन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, मातृशक्तियों, बच्चों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

.jpeg)