Breaking

revanchal times new

निवास में खौफनाक हादसा: बाइक सवार युवकों को टक्कर मारने के बाद वैन चालक ने दोबारा रौंदा, CCTV में कैद हुई वारदात



मंडला/निवास। मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। कोर्ट परिसर के सामने तेज रफ्तार मारुति ईको वैन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए। आरोप है कि वैन चालक ने वाहन पीछे लेकर फिर से आगे बढ़ाया और दोनों घायल युवकों को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

टक्कर के बाद पीछे लेकर फिर चढ़ाई वैन

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक घटना शनिवार शाम करीब 4:30 बजे की है। बाइक सवार दोनों युवक वैन की टक्कर से सड़क पर गिर पड़े थे। इसके बाद चालक ने वाहन रोककर उसे पीछे लिया और फिर आगे बढ़ाते हुए युवकों के ऊपर से गाड़ी निकाल दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दोनों युवक गंभीर, जबलपुर रेफर

हादसे में ग्राम हरीसिंगौरी निवासी सूरज आर्मो (22) और अखिलेश कुरवेती (16) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल निवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

वैन छोड़कर चालक फरार

निवास थाना प्रभारी धर्मेंद्र धुर्वे के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी चालक की तलाश शुरू की। पुलिस के दबाव के चलते आरोपी कुंडम मार्ग पर मेहरा सिवनी के पास वैन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मारुति ईको वैन जब्त कर ली है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और तलाश में जुटी है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post