मंडला। जिले में पिछले 12 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नर्मदा और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित छोटा रपटा पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर करीब तीन फीट पानी बह रहा है और जलस्तर लगातार बढ़ने से प्रशासन ने लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
कान्हा नेशनल पार्क का संपर्क कटा
नर्मदा का छोटा रपटा पुल और घाट पानी में डूबने से मंडला-कान्हा नेशनल पार्क का मुख्य मार्ग बंद हो गया है। इसके अलावा मंडला से डिंडोरी और अमरकंटक जाने वाले मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। बंजर नदी के उफान पर आने से कान्हा की ओर जाने वाला सीधा संपर्क भी बाधित हो गया है। लोगों को वैकल्पिक मार्ग से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
12 घंटे में 44 मिमी बारिश
मंडला में पिछले 12 घंटों में 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। सोमवार 10 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी है। इस सीजन में अब तक जिले में करीब 622.9 मिलीमीटर यानी 25 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।
एसडीईआरएफ कमांडेंट नरेश साहू के अनुसार, लगातार बारिश के कारण नर्मदा के साथ बंजर नदी का जलस्तर भी बढ़ा है। हालात को देखते हुए पुलिस, होमगार्ड और एसडीईआरएफ की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात हैं।
आपात स्थिति के लिए टीमें तैयार
प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 6 सदस्यीय विशेष टीम तैनात की है, जबकि तीन अन्य टीमों को रिजर्व रखा गया है। कुछ दिन पहले प्रशिक्षित किए गए 'दावा मित्रों' की सेवाएं भी जरूरत के अनुसार ली जा रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बिना जरूरत जोखिम उठाकर बंद मार्गों को पार नहीं करने की अपील की है। आपात स्थिति में सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1079 जारी किया गया है।
