Breaking

revanchal times new

पेट्रोल पंप पर हथियारबंद बदमाशों का धावा, कर्मचारियों से करीब ₹93 हजार लूटकर फरार

 


जबलपुर। जबलपुर-बरेला-मंडला मुख्य मार्ग पर मढ़ी गांव स्थित अतुलित फिलिंग स्टेशन (हिंदुस्तान पेट्रोलियम) पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बिना नंबर प्लेट की डार्क ब्लू महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन से पहुंचे 6 से 7 नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे और धारदार हथियारों के बल पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों को धमकाया और करीब 93 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।

रात 2:37 बजे पेट्रोल पंप पर पहुंचे बदमाश



बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब 2:37 बजे हुई। उस समय पेट्रोल पंप पर कर्मचारी लखन सोयाम और अभिषेक पटेल नाइट ड्यूटी पर तैनात थे। हथियारों से लैस बदमाशों को देखकर अभिषेक पटेल जान बचाने के लिए बाउंड्री वॉल कूदकर वहां से भाग निकला।

इसके बाद बदमाशों ने लखन सोयाम को कट्टा दिखाकर धमकाया और उसकी जेब से 9,400 रुपये निकाल लिए।

ऑफिस का लॉक तोड़कर कैश पैकेट भी ले गए

लूट के बाद बदमाश पेट्रोल पंप के ऑफिस में पहुंचे और कांच के दरवाजे का लॉक तोड़ दिया। अंदर रखी दराज से 49,170 रुपये तथा 35,305 रुपये के दो कैश पैकेट भी अपने कब्जे में ले लिए। इस तरह बदमाश कर्मचारियों से कुल करीब 93,875 रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उसी डार्क ब्लू महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन में सवार हुए और तेज रफ्तार से मौके से भाग निकले।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। फुटेज में नकाबपोश बदमाश वारदात के बाद स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। बताया गया है कि वाहन की पीछे की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी, जबकि गाड़ी के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी।

पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश


घटना बीजाडांडी थाना क्षेत्र की मनेरी पुलिस चौकी अंतर्गत मढ़ी गांव की है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक शशांक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पेट्रोल पंप के CCTV के अलावा जबलपुर-बरेला-मंडला मुख्य मार्ग और आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस का प्रयास है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाए। हथियारबंद लूट की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post