Breaking

revanchal times new

खबर का असर: ‘दैनिक रेवांचल टाइम्स’ की खबर के बाद रेलवे ने बदला नैनपुर जंक्शन पर ट्रेन का समय, यात्रियों को मिली राहत

खबर का असर: 'दैनिक रेवांचल टाइम्स' की खबर के बाद जागी रेलवे, नैनपुर जंक्शन पर बदला ट्रेन का समय

तकनीकी विसंगति दूर, यात्रियों को मिलेगा कनेक्टिंग ट्रेन का अतिरिक्त समय

मंडला/नैनपुर। 'दैनिक रेवांचल टाइम्स' में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। नैनपुर जंक्शन पर समय-सारिणी की जिस तकनीकी विसंगति के कारण रोजाना सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, उसे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने गंभीरता से लेते हुए संशोधित कर दिया है।




रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 58823 (छिंदवाड़ा–मंडला फोर्ट पैसेंजर) के समय में बदलाव का आधिकारिक पत्र जारी किया है। संशोधित समय 22 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा।

क्या था पूरा मामला?

'दैनिक रेवांचल टाइम्स' ने 30 जुलाई 2026 के अंक में "नैनपुर जंक्शन पर टाइम-टेबल की बड़ी विसंगति- मात्र 5 मिनट के अंतर से छूट रही मंडला फोर्ट पैसेंजर, यात्री हलाकान" शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था।

खबर में स्वतंत्र रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी के हवाले से बताया गया था कि शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस (11202) के नैनपुर पहुंचने से ठीक पांच मिनट पहले मंडला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन (58823) प्लेटफॉर्म से रवाना हो जाती थी।

इसके चलते यात्रियों का ट्रेन कनेक्शन टूट जाता था और उन्हें अगली ट्रेन के लिए लगभग पौने तीन घंटे नैनपुर जंक्शन पर इंतजार करना पड़ता था।

रेलवे ने जारी किया संशोधित समय

खबर और यात्रियों की समस्या को संज्ञान में लेते हुए रेलवे के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक द्वारा संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है।

🚆 संशोधित समय-सारिणी

नैनपुर आगमन: छिंदवाड़ा–मंडला फोर्ट पैसेंजर अब सुबह 11:20 बजे नैनपुर पहुंचेगी। पहले इसका निर्धारित समय 11:05 बजे था।

नैनपुर प्रस्थान: ट्रेन अब नैनपुर से सुबह 11:30 बजे रवाना होगी। पहले इसका प्रस्थान समय 11:15 बजे था।

मंडला फोर्ट आगमन: ट्रेन अब दोपहर 12:30 बजे मंडला फोर्ट पहुंचेगी।

यात्रियों को मिली बड़ी राहत

समय में बदलाव के बाद शहडोल, उमरिया, जबलपुर और अनूपपुर रेलखंड से आने वाले यात्रियों को नैनपुर में कनेक्टिंग ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। इससे यात्रियों को एक ट्रेन से उतरकर मंडला फोर्ट पैसेंजर पकड़ने में आसानी होगी और ट्रेन कनेक्शन छूटने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

जनहित की खबर का असर

समय-सारिणी में बदलाव के बाद क्षेत्रीय यात्रियों और रेल प्रेमियों ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए 'दैनिक रेवांचल टाइम्स' का आभार व्यक्त किया है। यात्रियों का कहना है कि समय-सारिणी में यह बदलाव नैनपुर जंक्शन से मंडला जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण राहत है।

दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला-नैनपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post