जन विश्वास कार्यक्रम में हुआ पौधारोपण, कलेक्टर ने सदस्यों का बढ़ाया मनोबल
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला नारायणगंज। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नारायणगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तरु फाउंडेशन द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, जिला पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने भी तरु फाउंडेशन के सदस्यों के साथ पौधारोपण किया। अधिकारियों ने पौधारोपण को केवल औपचारिकता न मानकर लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर जोर दिया।
एक गांव को लक्ष्य बनाकर करें हरियाली का विस्तार
कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने तरु फाउंडेशन के सदस्यों से संवाद करते हुए उनके पर्यावरण संरक्षण के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक गांव को लक्ष्य बनाकर वहां व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाए और ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि किसी एक गांव को मॉडल के रूप में विकसित कर वहां लगातार पौधारोपण, संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के कार्यक्रम किए जाएं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव आसपास के गांवों पर भी पड़ेगा। उन्होंने फाउंडेशन के सदस्यों को इसी तरह निरंतर कार्य करते रहने और अपने अभियान को व्यापक बनाने के लिए प्रेरित किया।
पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास
तरु फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में लगातार पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण के साथ आमजन को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना है। कलेक्टर द्वारा संस्था के प्रयासों की सराहना किए जाने से फाउंडेशन के सदस्यों में भी उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में फाउंडेशन समिति के सदस्य अभिलाष शर्मा, अखिलेश ठाकुर, आलोक साहू, शुभम जैन, मयंक अग्रवाल, अनिल शर्मा, अभिलेष साहू (अब्बू साहू), अभिषेक शर्मा, मनीष बर्मन, ब्रजेश सिंगरौर, अजय पंचेश्वर, धर्मेंद्र अग्रवाल, जितेंद्र श्रीवास, सोमनाथ चक्रवर्ती सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं अतिथियों ने फाउंडेशन के सदस्यों को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

