रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा सीमा क्षेत्रान्तर्गत वार्ड क्रमांक 45 के नागरिकों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वार्ड में लगभग 10 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित होने वाली पक्की सीसी सीमेंट कंक्रीट सड़क का विधिवत भूमि पूजन नगर निगम महापौर विक्रम अहके के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने से वार्डवासियों को लंबे समय से कच्ची सड़क एवं कीचड़ से होने वाली परेशानियों से हमेशा के लिए राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगा।
भूमि पूजन के गरिमापूर्ण कार्यक्रम में नगर निगम महापौर विक्रम अहके, स्थानीय वार्ड पार्षद भूरा भावरकर, मंडल अध्यक्ष श्रीमती लीला बिजोलिया, बूथ अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक व वार्डवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महापौर विक्रम अहके ने कहा कि छिंदवाड़ा शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सीसी रोड का निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा होगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति प्राप्त होगी। कार्यक्रम के अंत में वार्डवासियों ने विकास कार्य की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अतिथियों का आभार जताया।

