मासूमों की थाली से खिलवाड़ पड़ा भारी: तामिया एकलव्य विद्यालय के प्राचार्य और उप-प्राचार्य पर गिरेगी गाज
जांच में खुली तामिया एकलव्य विद्यालय की पोल: भोजन व्यवस्था में लापरवाही पर प्राचार्य-उपप्राचार्य नापे गए
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|तामिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को लेकर मिली शिकायतों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी हरेंद्र नारायन के निर्देश पर हुई जांच में भोजन व्यवस्था में गंभीर लापरवाही उजागर होने के बाद विद्यालय के प्राचार्य और उप-प्राचार्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
विद्यार्थियों से सीधा संवाद, खुली पुरानी शिकायतें
कलेक्टर के निर्देश पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने स्वयं विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर भोजन की गुणवत्ता और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का तथ्यात्मक ब्यौरा जुटाया।
बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि भोजन की बदहाल व्यवस्था और घटिया गुणवत्ता को लेकर वे पहले भी कई बार शिकायत कर चुके थे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
जांच रिपोर्ट में खुली लापरवाही की पोल
जांच का मुख्य बिंदु प्रतिवेदन के अनुसार विद्यालय स्तर पर भोजन व्यवस्था के नियमित पर्यवेक्षण और बच्चों की शिकायतों के समय पर निराकरण में गंभीर शिथिलता बरती गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने त्वरित एक्शन लेते हुए
प्राचार्य राजेश कुशवाह एवं उप-प्राचार्य दिनेश कुमार पीजीटी,
दोनों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए अपना कड़ा जांच प्रतिवेदन आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल को भेज दिया है।
प्रशासन का सख्त संदेश
इस कार्रवाई से जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनजातीय क्षेत्रों के आवासीय विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य, खान-पान और मूलभूत सुविधाओं से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भोपाल से आदेश जारी होते ही दोनों अधिकारियों पर बड़ी गाज गिरना तय माना जा रहा है।


