Breaking

revanchal times new

कलेक्ट्रेट परिसर में युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश, अधिकारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

 


नरसिंहपुर।मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की सतर्कता से समय रहते उसे रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।



जानकारी के अनुसार, पटेल वार्ड गुरुद्वारा के पास निवासी विजय दुबे मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। परिसर में पहुंचते ही उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें शांत कराया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

प्राथमिक पूछताछ में विजय दुबे ने बताया कि उनकी दुकान पर एक अन्य व्यक्ति ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है। उनका आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इस संबंध में उन्होंने पहले कोतवाली थाना और बाद में कई बार कलेक्ट्रेट में भी शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

पीड़ित का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गए थे। इसी निराशा में उन्होंने यह कदम उठाने का प्रयास किया।

घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई और समझाइश के चलते स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है। साथ ही संबंधित शिकायत और कथित अवैध कब्जे के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि लंबित शिकायतों का समय पर निराकरण न होने पर नागरिक किस हद तक निराशा में पहुंच सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post