Breaking

revanchal times new

महर्षि विद्या मंदिर ने भक्तिमय माहौल में मनाई श्री जगन्नाथ रथयात्रा



​ 'महर्षि आध्यात्मिक जागरण अभियान' के तहत हुआ संगीतमय भजन और विष्णु चालीसा का पाठ


​प्राचार्या सुश्री श्रद्धा श्याममोहन त्रिपाठी ने बताया रथयात्रा का पौराणिक महत्व, विश्व शांति की कामना की


 रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|स्थानीय नागपुर रोड स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान महर्षि विद्या मंदिर, छिंदवाड़ा के विद्यालय परिवार द्वारा 'महर्षि आध्यात्मिक जागरण अभियान' की 21वीं श्रृंखला के अंतर्गत भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा आषाढ़ शुक्ल पक्ष, द्वितीया के पावन अवसर पर एक भव्य एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को सुभाष कॉलोनी के निर्मल एस्टेट स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में संपूर्ण वातावरण भक्ति के रस में सराबोर हो गया।


नन्हे-मुन्नों की सुमधुर प्रस्तुति ने मोहा मन

​कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से विघ्नहर्ता श्री गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी सुमधुर और संगीतमय प्रस्तुतियों से उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए भगवान श्री जगन्नाथ जी के भजनों, श्री विष्णु चालीसा के सामूहिक पाठ और भगवान विष्णु के विभिन्न दिव्य नामों के सस्वर उच्चारण ने मंदिर परिसर को अत्यंत दिव्य और आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम का समापन भगवान की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।


प्राचार्या ने रेखांकित किया रथयात्रा का महत्व

​समारोह में विशेष रूप से उपस्थित विद्यालय की प्राचार्या सुश्री श्रद्धा श्याममोहन त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए श्री जगन्नाथ रथयात्रा के पौराणिक व आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने 'महर्षि आध्यात्मिक जागरण अभियान' के मुख्य उद्देश्यों और लक्ष्यों को साझा करते हुए कहा,

​भारतीय संस्कृति में रथयात्रा का उत्सव मात्र एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मा का परमात्मा से मिलन का प्रतीक है। आज के समय में नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना बेहद आवश्यक है।

​उन्होंने इस पुनीत अवसर पर भगवान जगन्नाथ से समस्त चराचर जगत के कल्याण और विश्व शांति की मंगल कामना की।

​इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, प्रबुद्ध जन, पालक अभिभावक और विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा, जिन्होंने बच्चों के इस सराहनीय प्रयास की खुले मन से प्रशंसा की।

Post a Comment

Previous Post Next Post