छिंदवाड़ा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में नशा मुक्ति कार्यशाला आयोजित; सब इंस्पेक्टर अविनाश पारधी ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित*
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष 'जनजाति अभियान' के अंतर्गत आज शहर के पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में एक प्रभावी नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें एक स्वस्थ, अनुशासित व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए धर्म टेकड़ी चौकी प्रभारी (थाना कुंडीपुरा) सब इंस्पेक्टर अविनाश पारधी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नष्ट नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, समाज और उज्ज्वल भविष्य को भी अंधकार में धकेल देता है।
चौकी प्रभारी अविनाश पारधी ने कहा शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों का सेवन युवाओं की शारीरिक और मानसिक क्षमता को दीमक की तरह चाट जाता है। इसका सीधा असर उनकी शिक्षा, रोजगार और सामाजिक प्रतिष्ठा पर पड़ता है।
उन्होंने छात्रों से आत्मसंयम, सकारात्मक सोच अपनाने और सही संगति में रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और कौशल विकास में अपना ध्यान केंद्रित करें, तो देश और समाज का भविष्य अधिक सशक्त एवं स्वर्णिम होगा।
*विद्यार्थियों ने ली सामूहिक शपथ*
कार्यक्रम के समापन पर कार्यशाला में मौजूद सभी विद्यार्थियों को "नशा न करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने" की शपथ दिलाई गई। सभी छात्रों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि:
वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे।
अपने साथियों और परिजनों को नशे के खतरों से बचाएंगे।
समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
यह कार्यशाला युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने, नशे के बढ़ते प्रभाव पर अंकुश लगाने और एक सुरक्षित व स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में बेहद सराहनीय और मील का पत्थर साबित होगी।
