Breaking

revanchal times new

जबलपुर में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 71 बोतल और 24 पाव अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी फरार



जबलपुर।जबलपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 71 बोतल और 24 पाव अंग्रेजी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी मोनू सबलोक अपने एक साथी के साथ पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।




पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में थाना गोरखपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि 27 जुलाई की रात चौकी रामपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोरखपुर बाजार स्थित लोधी मोहल्ला में असरानी डॉक्टर के पास वाली गली में मोनू सबलोक अपने साथी के साथ अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचने के लिए बड़ी मात्रा में शराब रखे हुए है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी बैग और थैले छोड़कर भाग निकले। तलाशी के दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 71 बोतल एवं 24 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में बैगपाइपर व्हिस्की, मैजिक मोमेंट वोडका, स्मिरनॉफ वोडका, ऑफिसर्स चॉइस, 8 पीएम व्हिस्की, लंदन प्राइड व्हिस्की और आइकोनिक व्हाइट व्हिस्की सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से पूरी शराब जब्त कर फरार आरोपी मोनू सबलोक एवं उसके साथी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी रामपुर उप निरीक्षक महेंद्र जाटव, प्रधान आरक्षक रामयश शर्मा तथा आरक्षक रोहित द्विवेदी, अजय भारद्वाज, श्यामसुंदर, अनूप सिंह, अश्विनी द्विवेदी, बालमुकुंद और अर्पित सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post