Breaking

revanchal times new

महिला के सूने मकान में चोरी, ताला तोड़ लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार बदमाश

 


जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी इलाके में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब मकान मालकिन अन्नपूर्णा पांडेय अपनी बहन के साथ अमरनाथ यात्रा पर गई हुई थीं। सूचना मिलते ही अधारताल पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पड़ोसी को सौंपी थी घर की जिम्मेदारी

पुलिस के अनुसार, नर्मदा परिसर सुहागी निवासी अन्नपूर्णा पांडेय अकेली रहती हैं। अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने से पहले उन्होंने अपने मकान की देखरेख की जिम्मेदारी पड़ोसी सागर श्रीवास्तव को सौंपते हुए चाबी उनके पास छोड़ दी थी। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और बेडरूम की अलमारी तथा लॉकर को खंगाल डाला।

घर का सामान बिखरा मिला, जेवर और नकदी गायब

बीती शाम जब सागर श्रीवास्तव घर की स्थिति देखने पहुंचे तो बाहर का ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर के कमरों के ताले टूटे मिले। सेंट्रल टेबल की दराज खुली थी और अलमारी के लॉकर भी टूटे हुए थे। घर के अंदर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ा था।

सागर श्रीवास्तव ने तत्काल अन्नपूर्णा पांडेय को फोन कर घटना की जानकारी दी। उनके कहने पर घर का वीडियो बनाकर भेजा गया। वीडियो देखने के बाद पुष्टि हुई कि अलमारी में रखी सोने की चेन सहित अन्य कीमती आभूषण और नकदी चोरी हो चुकी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही स्थानीय बदमाशों और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post