दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला। इनर व्हील क्लब मंडला द्वारा सेवा भारती आश्रम में किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जागरूकता को समर्पित एक विशेष सेवा प्रकल्प आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता (मेंस्ट्रुअल हाइजीन) के महत्व की जानकारी देते हुए सैनिटरी पैड पैकेटों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में क्लब की सचिव सरिता इसरानी ने किशोरियों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, साफ-सफाई की आदतों और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों पर भी मार्गदर्शन दिया।
किशोरियों की व्यक्तिगत स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उनकी चिकित्सकीय सलाह के लिए डॉ. लिली से चर्चा कराई गई। डॉ. लिली ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना, आवश्यक परामर्श दिया तथा भविष्य में उपचार संबंधी सहयोग का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के समापन पर सेवा भारती आश्रम की सभी बालिकाओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने एक साथ भोजन ग्रहण किया। इनर व्हील क्लब की सदस्यों के सामूहिक सहयोग से यह सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

