Breaking

revanchal times new

आज निकलेगी बंगाली समाज की भव्य संपूर्ण श्री जगन्नाथ रथयात्रा




शाम 5:30 बजे मौसी माँ के घर से होगा शुभारंभ, नगर भ्रमण के बाद श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे भगवान


दैनिक रेवाँचल टाईम्स- जबलपुर। सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन, सिटी बंगाली क्लब द्वारा आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य संपूर्ण रथयात्रा (बहुदा यात्रा) आज, 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को सायं 5:30 बजे श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ निकाली जाएगी। इस पावन अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा लाल पोशाक धारण कर भव्य सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर मौसी माँ के घर (गुंडिचा मंदिर) से अपने निज धाम श्री जगन्नाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा मार्ग में श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे।


संस्था के सचिव प्रकाश साहा ने बताया कि रथयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सायं 5:00 बजे से संकीर्तन एवं हरिनाम कीर्तन होगा। तत्पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान को रथ पर विराजमान कराया जाएगा |

संपूर्ण रथयात्रा सिटी बंगाली क्लब परिसर स्थित मौसी माँ के घर (गुंडिचा मंदिर) से प्रारंभ होकर करमचंद चौक, तुलाराम चौक, अंधेरदेव, बड़ा फुहारा, घमंडी चौक, सुपर मार्केट एवं मालवीय चौक होते हुए पुनः सिटी बंगाली क्लब स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुँचेगी, जहाँ भगवान का पारंपरिक विधि-विधान से स्वागत एवं प्रवेश कराया जाएगा।


रथयात्रा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी, सब्जी एवं खीर के महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।


रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। पुरुषों एवं महिलाओं से लाल रंग की पारंपरिक पोशाक धारण कर रथयात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया है, जिससे भगवान के स्वागत का उत्सव और अधिक भव्य एवं आकर्षक बन सके।


संस्था ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से सपरिवार संपूर्ण रथयात्रा में सम्मिलित होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही सभी से रथ को खींचने के इस पुण्य अवसर में सहभागिता निभाकर धार्मिक उत्सव को सफल बनाने का अनुरोध किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post