Breaking

revanchal times new

धान रोपाई के लिए जा रही 18 महिलाओं से भरा पिकअप पलटा, दो की हालत गंभीर, चालक मौके से फरार

 



बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में खरीफ सीजन के दौरान धान रोपाई के लिए जा रही ग्रामीण महिलाओं से भरा एक पिकअप वाहन रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। रामपायली थाना क्षेत्र के बटरमारा पुल के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 18 महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

गंभीर रूप से घायल सुनीता गजबिये और सविता लिल्हारे की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोंदिया रेफर किया गया है। वहीं एक अन्य महिला का शहर के निजी अस्पताल में इलाज जारी है। सभी घायल महिलाएं ग्राम डोंगरमाली और बिटोली की निवासी हैं।

नेवरगांव धान रोपाई के लिए जा रही थीं महिलाएं

घायल महिलाओं उर्मिला लिल्हारे और रेखा उपवंशी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वे अपने गांव डोंगरमाली से पिकअप वाहन में सवार होकर नेवरगांव धान की रोपाई (पराह) लगाने के लिए जा रही थीं। जैसे ही वाहन बटरमारा पुल के पास पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में पलट गया।

महिलाओं ने बताया कि हादसे के बाद जब उन्हें होश आया तो वे घायल अवस्था में सड़क और खेत के किनारे पड़ी थीं, जबकि पिकअप पूरी तरह पलटा हुआ था।

पुलिस ने शुरू की जांच, चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही रामपायली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन की तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को असुरक्षित ढंग से मालवाहक वाहनों में ले जाने की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post