कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन, दो माह में आवास नहीं मिला तो नगर पालिका के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी; पार्षद नितिन ठाकुर, मोहित झरिया और समाजसेवी राजू विश्वकर्मा रहे मौजूद
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला, जिले के नैनपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के 448 भूमिहीन हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने से नाराज होकर मंगलवार को कलेक्टर मंडला के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नैनपुर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शासन द्वारा भूमि उपलब्ध कराए जाने के बावजूद पिछले लगभग छह वर्षों से पात्र हितग्राही अपने आवास के अधिकार से वंचित हैं। यदि दो माह के भीतर उन्हें योजना का लाभ नहीं दिया गया तो नगर पालिका की कार्यप्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बही सूत्रो से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ एवं ज्ञापन के अनुसार वर्ष 2019-20 में मध्यप्रदेश शासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भूमिहीन हितग्राहियों के लिए ग्राम इटका हल्का उमरिया, तहसील नैनपुर स्थित खसरा क्रमांक-43, रकबा 4.0140 हेक्टेयर भूमि आवंटित एवं सुरक्षित की थी। इसके बावजूद आज तक लगभग 448 पात्र भूमिहीन परिवारों को आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कई वर्षों से हितग्राही नगर पालिका के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन न तो उन्हें संतोषजनक जवाब मिला और न ही योजना पर कोई ठोस कार्रवाई हुई। जबकि जिले के अन्य क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल चुका है। ऐसे में नैनपुर के भूमिहीन परिवारों को लाभ से वंचित रखा जाना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का विषय बताया गया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा सभी पात्र हितग्राहियों को शीघ्र प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया जाए, ताकि वर्षों से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे गरीब परिवारों को राहत मिल सके।
इस दौरान वार्ड क्रमांक-5 के पार्षद नितिन ठाकुर, वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद मोहित झरिया तथा समाजसेवी राजू विश्वकर्मा भी हितग्राहियों के साथ मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से पात्र परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन पर बड़ी संख्या में भूमिहीन हितग्राहियों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सैकड़ों परिवारों की सामूहिक आवाज है।
ज्ञापन में प्रशासन को दो माह का समय देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिया गया तो नैनपुर थाना के सामने नगर पालिका की कार्यप्रणाली के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन वर्षों से लंबित इस मामले में क्या कदम उठाता है और भूमिहीन परिवारों को उनके अधिकार का लाभ कब तक मिल पाता है।
