Breaking

revanchal times new

कलेक्टर एवं एसपी ने लिया मतगणना की तैयारियों का जायजा

 



 

मंडला 1 दिसंबर 2023

                विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के तहत जिले की बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना 3 दिसंबर 2023 को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, सीएल वर्मा एवं हुनेन्द्र घोरमारे, ईईपीआईयू जीपी पटले, ईईपीडब्ल्यूडी शारदा सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

                जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रवेश पत्रधारकों को ही मतगणना स्थल में प्रवेश दिया जाए। मुख्य द्वार से प्रत्याशी, अभिकर्ता तथा मीडियाकर्मियों को प्रवेश दिया जाए इसी प्रकार पॉलीटेक्निक भवन के पीछे सामग्री वितरण स्थल पर बने गेट से शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों को प्रवेश दिया जाए। मतगणना स्थल पर मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि ईव्हीएम लाने-ले-जाने के लिए मार्ग में विधानसभावार चिन्हांकन का कार्य पूर्ण करें। इस संबंध में संबंधित अधिकारी, कर्मचारियों की ब्रीफिंग करें। 2 दिसंबर को मॉकड्रिल करें। पूरे केंपस को सीसीटीव्ही कैमरा से कवर करें। गणना कक्ष में अभिकर्ताओं की संख्या के आधार पर बैठक व्यवस्था रखें। समूचे परिसर में विद्युत की आपूर्ति लगातार बनाए रखें। विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था के इंतजाम करें। कलेक्टर ने एनकोर एंट्री, मीडिया सेंटर, उद्घोषणा, प्रसाधन, चिकित्सा, पेयजल, भोजन वितरण आदि के संबंध में भी विस्तृत निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मतगणना स्थल पॉलीटेक्निक परिसर के गेट, गणना कक्ष, ईव्हीएम, पार्किंग सहित अन्य स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post