Breaking

revanchal times new

कक्षा के अनुसार दक्षताएं अर्जित कराने के लिए शिक्षक अतिरिक्त प्रयास करें - हर्षिका सिंह

 





कलेक्टर ने किया मंडला विकासखंड के शालाओं एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण

 

मंडला 7 दिसम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्राथमिक शाला सुरंगदेवरी, नवीन माध्यमिक शाला पीपरपानी, नवीन प्राथमिक शाला औघटखपरी एवं आवासीय बालक छात्रावास पीपरपानी का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से विषय आधारित प्रश्न ब्लेकबोर्ड पर हल कराए। बच्चों की दर्ज संख्या तथा उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी लेते हुए शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

                कलेक्टर ने निर्देशित किया कि पाठ्यक्रम को कलैंडर अनुसार निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। कक्षा के अनुसार दक्षताएं अर्जित कराने के लिए शिक्षक अतिरिक्त प्रयास करें। अध्यापन कार्य में सहायक शैक्षिक सामग्री का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। श्रीमती सिंह ने बच्चों की अभ्यास पुस्तिका में किए गए कार्य भी देखें। नवीन माध्यमिक शाला पीपरपानी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बिजली कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रसोई घर एवं शौचालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। श्रीमती सिंह ने नवीन प्राथमिक शाला औघटखपरी में शिक्षकों द्वारा बनाई गई शैक्षिक सामग्री की सराहना करते हुए उनके निरंतर उपयोग की बात कही। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन, जल व्यवस्था, शौचालय, प्रकाश की व्यवस्था, पुस्तक वितरण आदि के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

शालाओं की मासिक रैंकिंग करें

 

                निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अकादमिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए डाईट में कोर टीम गठित करें तथा पाठ्यक्रम के अनुसार सभी विषयों की प्रश्नावली बनवाकर साझा करें। जिला स्तर  से साप्ताहिक टेस्ट की योजना बनाएं। कलेक्टर ने कहा कि शाला की स्वच्छता, बच्चों की दर्ज संख्या एवं उपस्थिति, उपलब्धि स्तर, शैक्षिक सामग्रियों का उपयोग सहित अन्य मापदंडों के आधार पर शालाओं की मासिक रैंकिंग करें। आवश्यकतानुसार शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित करें।

 

शिक्षक सोमप्रकाश पाठक को सम्मानित करने के निर्देश

 

                प्राथमिक शाला सुरंगदेवरी के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर की उपलब्धता पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए इस संबंध में शाला शिक्षकों से जानकारी ली। शाला के प्रभारी शिक्षक सोमप्रकाश पाठक ने बताया कि समय-समय पर शासन से प्राप्त होने वाली निधि का उपयोग करते हुए चरणबद्ध रूप से फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है। शिक्षक श्री पाठक ने अपने द्वारा बनाई गई सहायक शैक्षिक सामग्री के संबंध में भी कलेक्टर को जानकारी दी। कलेक्टर ने शाला स्तर पर किए गए कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षक सोमप्रकाश पाठक को सम्मानित करने के निर्देश दिए।

 

बच्चों को बताएं स्वच्छता का महत्व

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सुरंगदेवरी तथा मुर्रमखाप में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कुपोषित बच्चों, पोषण आहार, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, टीकाकरण एवं पोषण वाटिका के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी केन्द्र में आने वाले बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। बच्चों तथा उनके माता-पिता को व्यक्तिगत तथा सामुदायिक स्वच्छता का महत्व बतलाएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों को आकर्षक बनाने का प्रयास करें। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण के संबंध में की गई कार्यवाही के संबंध में प्रश्न पूछे। कलेक्टर ने कहा कि क्षेत्र में जानकारी लें यदि किसी महिला या 17 वर्ष की उम्र पूरी करने वाली बालिका के नाम जोड़ने की कार्यवाही नहीं हुई है तो तत्काल फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें।

 

उप स्वास्थ्य केन्द्र औघटखपरी का निरीक्षण

 

                भ्रमण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उप स्वास्थ्य केन्द्र औघटखपरी का निरीक्षण किया। उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र द्वारा प्रदाय की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने दवाईयों की उपलब्धता का अभिलेखों से मिलान किया। कलेक्टर ने बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के संबंध में भी जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post