हिंदू पंचांग के अनुसार हर माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि के दिन मासिक शिवरात्रि मनाई जाती है और इस दिन लोग व्रत-उपवास करते हैं. पंचांग के अनुसार आज यानि 22 नवंबर को मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि है और आज के दिन मासिक शिवरात्रि का पूजन व व्रत किया जाएगा. इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का पूजन करने से वैवाहिक जीवन में आ रही सभी समस्याएं समाप्त होती हैं. आइए जानते हैं पूजा का शुभ मुहूर्त.
मासिक शिवरात्रि 2022 शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि आज यानि 22 नवंबर को सुबह 8 बजकर 49 मिनट पर शुरू होगी और 23 नवंबर को सुबह 6 बजकर 53 मिनट पर समाप्त होगी. उदयातिथि के अनुसार मासिक शिवरात्रि का व्रत व पूजन 22 नवंबर को किया जाएगा. इस दिन पूजा के लिए शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 51 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक है.
मासिक शिवरात्रि पूजन विधि
मासिक शिवरात्रि के दिन लोग भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए व्रत-उपवास करते हैं. इस दिन सुबह उठकर स्नान आदि कर घर या मंदिर में जाकर भगवान शिव का पूजन करें. मासिक शिवरात्रि के दिन शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, फूल, फल अर्पित करें. फिर चंदन का तिलक करें और धूप-दीप जलाएं. शिवलिंग की पूजा करने के साथ ही पूरे शिव परिवार का भी पूजन अवश्य करें. पूजा के बाद शिव चालीसा, शिव मंत्र और शिव स्रोत का पाठ अवश्य करना चाहिए. इससे भगवान शिव प्रसन्न होते हैं. कहते हैं कि शिव परिवार का पूजन करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और दांपत्य जीवन में खुशहाली आती है. पूरे दिन फलाहार करने के बाद रात्रि के समय बिना नमक का भोजन ग्रहण किया जाता है.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई सभी जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं. India.Com इसकी पुष्टि नहीं करता. इसके लिए किसी एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.

No comments:
Post a Comment