रेवांचल टाईम्स - मण्डला सरकारी जमीन पर मध्यप्रदेश के मंडला जिले में जहां देखो वहां पर बेहिसाब अतिक्रमण किये गये हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही न तो गांव में की जा रही और न ही शहर में ध्यान दिया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो शासन प्रशासन की मिली भगत से सरकारी भूमि में अतिक्रमण कर भवन इत्यादि का निर्माण कर लिया गया है व किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही मप्र के सिवनी जिले में कलेक्टर की दृढ़ इच्छाशक्ति की वजह से जबरदस्त तरीके से की गई है। सिवनी नगर में जिस तरह से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई है, वह काबिल तारीफ है। ऐसी कार्यवाही संपूर्ण मध्यप्रदेश सहित मंडला जिले में क्यों नहीं की जा रही है, यह चर्चा का विषय बना हुआ है। मध्यप्रदेश में भी सभी जिलों के कलेक्टर प्रत्येक गांव व नगर में स्थायी रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें, ऐसी जनापेक्षा है। सूत्रों का दावा है कि मंडला जिले में गांव व नगर में संबंधित विभाग की सांठ गांठ से निर्धारित नाप अनुसार पट्टा तो बनवा लिया लेकिन उससे भी ज्यादा कई लोगों ने कब्जा किया है। एक भवन की जगह तीसरी मंजिल तक का भवन बनाया गया है। इस तरह का मामला मंडला जिले की तहसील नैनपुर में ज्यादा हुआ है। जनापेक्षा है कि सरकार हर गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करे।
.png)