जबलपुर. धूल, अराजकता और रेंगते यातायात में चलने वाले जबलपुर के लोगों को अचानक साफ सुथरी सड़कें मिलीं तो वे पहले तो अचंभित हो गए। फिर पूरा माजरा समझ आया तो बोले साहब ऐसे ही आते रहा करो जबलपुर। दरअसल, फ्लाईओवर की एलआईसी से मदनमहल, महानद्दा साइट का नजारा सोमवार को बिल्कुल बदला हुआ नजर आया। धूल और मिट्टी से पुरी रहने वाली सड़क के गड्ढे भरने कई स्पॉट पर रातोंरात कारपेटिंग और पेंचवर्क कर दिया गया। चौराहे में जाम न लगे इसके लिए यातायात पुलिस के जवान और फ्लाईओवर निर्माता कंपनी एनसीसी के सुरक्षाकर्मी माइक पर लेफ्ट टर्न से लेकर डायवर्सन के लिए एनाउंसमेंट करते नजर आए।
वीआइपी दौरे से ठीक पहले फ्लाईओवर के आसपास चमकाई सड़कें
शहर में वीआइपी दौरे पर बदली हुई ये तस्वीर सुबह से लेकर रात तक चर्चा में रही। लोगों का ये भी कहना था कि विभाग के केन्द्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री समेत कई और मंत्रियों के आगमन पर किस तरह से रातोंरात मार्ग की सड़कों को मोटरेबल बना दिया गया। जबकि आमजन रोजाना निर्माण साइट के आसपास अव्यवस्थाओं के कारण समस्या का सामना करते हैं।
निगम ने भी दुरुस्त की सड़क
डुमना एयरपोर्ट से लेकर वेटरनरी कॉलेज मैदान और कलेक्ट्रेट से नौदराब्रिज, तीनपत्ति चौक, मानस भवन समेत मार्ग में जहां से भी होकर जनप्रतिनिधियों को गुजरना था सड़कों के गड्ढे भरने से लेकर कारपेटिंग की गई। नगर निगम के लोक निर्माण विभाग ने भी रातोंरात इन सड़कों की मरम्मत करा दी।
काश! दौरे में ये मार्ग भी होते शामिल
नगर में चर्चा है की काश! दौरे में फ्लाईओवर की साइट के यातायात चौक से रानीताल होते हुए बलदेवबाग मार्ग, रानीताल से गढ़ा मार्ग, बाबूराव परांजपे मार्ग से मदनमहल रेलवे स्टेशन मार्ग भी वीआईपी दौरे में शामिल होते तो उनमें भी निर्माण साइट पर सुधार हो जाता।

No comments:
Post a Comment