Breaking

revanchal times new

मप्र से विदा हुआ मानसून, पचमढ़ी में रात का पारा 13 डिग्री पर पहुंचा




दैनिक रेवांचल टाइम्स:मध्य प्रदेश से मानसून की आधिकारिक विदाई हो गई है। बीते 24 घंटे पूरे प्रदेश में कहीं कोई बारिश नहीं हुई है। हवाओं का रुख उत्तरी होने से ठंडक बढ़ने लगी है। कई जिलों में रात का तापमान 15 डिग्री के नीचे पहुंचने लगा है। हल्की ठंडक बढ़ी है। हालांकि अब ठंडक बढ़ने का सिलसिला शुरू हो चुका है।

मौसम केंद्र की रिपोर्ट कहती है कि दक्षिण पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश से जा चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से कम चल रहा है। न्यूनतम तापमान जरूर कुछ जगह गिरा है। प्रदेश में सबसे गर्म 33.8 डिग्री तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। वहीं पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक खिसका है।

मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
इंदौर 31.4 18.8
भोपाल 30.3 16.2
ग्वालियर 32.1 18.5
जबलपुर 30.2 16.2



मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो प्रदेश के राजगढ़ में 33.8, खजुराहो में 33.2, मंडला में 32.6, दमोह में 32.5, रीवा में 32.4, रतलाम में 32.2, ग्वालियर में 32.1, नौगांव-उज्जैन-गुना में 32, धार में 31.7, इंदौर-सतना में 31.4, दतिया में 31.2, सीधी में 31 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रात के तापमान की बात करें तो अधिकांश जगह पारा 20 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। पचमढ़ी में 13, रायसेन में 14.2, बैतूल में 15.4, छिंदवाड़ा में 15.8, खंडवा में 16 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में मध्य राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। इसके चलते हवाओं का रुख बदलने लगा है। हवाओं का रुख उत्तरी होने से रात के तापमान में गिरावट भी दर्ज होने लगी है। वातावरण में ठंड का अहसास बढ़ गया है। मौसम तेजी से शुष्क होने लगा है। वातावरण से नमी कम होने से आसमान साफ होने लगा है। इससे दिन में धूप निकलने लगी है। दो दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post