BREAKING
जवाहर नवोदय विद्यालय से दो छात्र लापता | एमपी में बड़ा प्रशासनिक फैसला | जबलपुर में सनसनीखेज वारदात
नवरात्रि के व्रत में अपने को ऊर्जावान रखने के लिए अपनाएं ये डाइट - revanchal times new

revanchal times new

निष्पक्ष एवं सत्य का प्रवर्तक

Breaking

aaj ka akhbar padhen

आज का ई-पेपर

पूरा अखबार पढ़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें।

ई-पेपर Viewer

Tuesday, September 27, 2022

नवरात्रि के व्रत में अपने को ऊर्जावान रखने के लिए अपनाएं ये डाइट



मां दुर्गा की भक्ति के 9 दिनों की शुरुआत हो चुकी है. नवरात्र के इन 9 दिनों में लोग व्रत रखते हैं और मां के 9 रूपों की पूजा की जाती है. इसी के साथ त्योहारों का सीजन भी शुरू हो चुका है. नवरात्र के बाद विजय दशमी, करवा चौथ, दिवाली, भाईदूज, छठ जैसे कई त्योहार अगले एक-डेढ़ महीने में आने वाले हैं. इस त्योहारों के सीजन की शुरुआत नवरात्रि से होती है, ताकि इन त्योहारों के लिए आपके अंदर भरपूर ऊर्जा का संचार हो. लेकिन इस दौरान व्रत की वजह से कई लोगों को दिक्कत भी होती है. ऐसे में हम आपको कुछ ऐसे हेल्दी फूड के बारे में बता रहे हैं जो आपको नवरात्रि के व्रत के दौरान ऊर्जावान रखेंगे.

अगर आप गुजरात में हैं या नवरात्रि के दौरान डांडिया का लुत्फ लेना चाहते हैं तो आपको भरपूर ऊर्जा की आवश्यकता है. अगर आप पश्चिम बंगाल में हैं या दुर्गापूजा का हिस्सा होने वाले हैं तो इसके लिए भी ऊर्जा की जरूरत होती है. डांडिया से लेकर सिंदूर खेला तक हर तरह के सेलिब्रेशन के लिए ऊर्जा की आवश्यकता होती है और हम जिस हेल्दी फूड के बारे में आपको यहां बता रहे हैं, वह आपको ऊर्जावान रखेगा.

नवरात्रि के इन 9 दिनों में लोग फलाहारी व्रत भी रखते हैं. कुछ लोग संवत के चावल, कुट्टू का आटा, साबुदाना, सिंघाड़ा का आटा, आलू, शकरकंद, लौकी, अरबी, कद्दू, पालक, खीरा, गाजर और सभी तरह के फल खाते हैं. नवरात्रि के व्रत के दौरान आमतौर पर आटा, चावल, मैदा, कॉर्न फ्लोर, बीन्स, दालें आदि नहीं खाते हैं. कई लोग इनमें से कुछ भी नहीं खाते और सिर्फ पानी के सहारे अपना व्रत पूरा करते हैं.
व्रत रखने के फायदे भी जान लें

नवरात्रि के व्रत का अपना धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. इससे व्यक्ति का आध्यात्मिक विकास तो होता ही है, साथ ही कई अन्य स्वास्थ्य संबंधी लाभ भी होते हैं. व्रत रखने का सबसे महत्वपूर्ण लाभ वजन को लेकर है. 9 दिनों तक व्रत रखने से वजन कम करने में मदद मिलती है. इसके अलावा व्रत करने का व्यक्ति के मानसिक स्वास्थ्य पर भी अच्छा असर पड़ता है. व्रत की वजह से हाई कॉलेस्ट्रॉल, दिल की बीमारियां (Heart Disease), उच्च रक्तचाप (High Blood Pressure) जैसी समस्याओं से भी निजात मिलती है. व्रत के दौरान हमारा शरीर आराम की मुद्रा में रहता है और इससे हमारे पाचनतंत्र को शरीर की डिटॉक्स प्रक्रिया को शुरू करने का सिग्नल मिलता है.
पूड़ी-पकौड़ा छोड़ें, खिचड़ी-रोटी खाएं

हालांकि, व्रत के दौरान आटा-चावल का सेवन नहीं किया जाता, लेकिन अन्य चीजें खाते समय भी आपको बहुत सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए. अगर आप कुट्टू का आटा, सिंगाड़ा का आटा, राजगिर का आटा, समा और साबुदाना खाते हैं तो इनकी पूड़ी, पकौड़ा, वड़ा और हलवा खाने की बजाय रोटी और खिचड़ी बनाकर खाएंगे तो आपके स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होगा.
भुने आलू की जगह फ्रूट चाट

व्रत के दौरान आपको तैलीय खाने से दूर रहना चाहिए. आपको कोई भी ऐसा भोजन नहीं करना चाहिए, जो आपके पाचनतंत्र के लिए पचाना मुश्किल होता हो. ऐसा भोजन अपनी ओर आकर्षित करता है, लेकिन इसकी वजह से पेट फूलना और गैस की समस्या हो सकती है. इसलिए आलू चाट की जगह आप फ्रूट चाट को अपने आहार में शामिल कर सकते हैं.
फलों का सेवन करें

व्रत के दौरान लोगों को ऊर्जा की कमी महसूस होती है. अगर आप चाहते हैं कि आप इन 9 दिनों में ऊर्जावान रहें तो आपको अपने भोजन में खूब सारे फलों को शामिल करना चाहिए. फलों से आपको न सिर्फ विटामिन, खनिज (Minerals) और फाइबर मिलते हैं, बल्कि नेचुरल शुगर भी मिलती है, जो आपको पूरे दिन ऊर्जा से भरपूर रखते हैं.
इनका सेवन कम करें

व्रत के दौरान हम में से ज्यादातर लोग यह गलती करते हैं. आप ऐसी गलती न करें, इसलिए बता देते हैं कि व्रत में आपको आलू, जिमिकंद, शकरकंद, सीताफल, अरबी आदि का बहुत अधिक सेवन करने से बचना चाहिए. इनमें बड़ी मात्रा में स्टार्च के साथ ही बी विटामिन, मिनरल्स और फाइबर होते हैं. इनमें बहुत अधिक कैलोरी होती हैं, इसलिए इनका सेवन नियंत्रित मात्रा में ही करें.
दूध-दही का सेवन करें

व्रत के दौरान दूध, दही, छाछ, पनीर और घी का सेवन करना चाहिए. इन दुग्ध उत्पादों से आपको सही मात्रा में प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है.
चाय-कॉफी से करें तौबा

व्रत के दौरान ज्यादातर लोग चाय और कॉफी का अधिक सेवन करने लगते हैं. इनके सेवन की वजह से शरीर में निर्जलीकरण (Dehydrate) हो जाता है. व्रत के दौरान स्वयं को हाइड्रेटिड रखने के लिए आपको नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ, मिल्क शेक और स्वच्छ जल का सेवन ज्यादा करना चाहिए.
हेल्दी स्नैक्स खाएं

व्रत के दौरान कभी भी अचानक भूख का एहसास होने लगता है. ऐसे में ज्यादातर लोग अनहेल्दी स्नैक्स का सेवन करते हैं. इन अनहेल्दी स्नैक्स की जगह आपको स्वास्थ्य से भरपूर मखाने, उबले हुए शकरकंद, फलों और फलों का सेवन करना चाहिए, न कि अनहेल्दी व्रत के चिप्स का.
मीठे का सेवन कम करें

व्रत के दौरान खीर, हलवा को कौन मना करता है? लेकिन समझ लीजिए कि यही खीर-हलवा आपके लिए नुकसानदायक होता है. आपको खीर-हलवा आदि आर्टिफिशियल शुगर से बने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करना चाहिए. संभव हो तो इलायची, शहद, खजूर, दालचीनी और ताजे फलों का इस्तेमाल करके अपने लिए कुछ मीठा बनाएं.
पोषक आहार लें

अगर आप पहली बार व्रत ले रहे हैं, तो लंबे समय तक भूखे न रहें. इस दौरान आप पोषण से भरपूर फल और ड्राइ फ्रूट्स का सेवन कर सकते हैं, जो आपको दिनभर के लिए ऊर्जा देंगे.
व्रत तोड़ते समय ध्यान रखें

शाम को जब आप व्रत तोड़ते हैं तो ज्यादातर लोग इस समय बड़ी गलती करते हैं. अधिकतर लोग इस समय पूड़ी, खीर, हलवा आदि खूब सारा खाना खा लेते हैं. व्रत तोड़ते समय ध्यान दें कि एक ही बार में बहुत सारा खाना न खाएं और ऊपर बताई गई बातों के अनुसार तले हुए और ज्यादा मीठे भोजन से बचें.

No comments:

Post a Comment