मण्डला 1 अगस्त 2022
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने भारत निर्वाचन आयोग के
निर्देशानुसार 1 अगस्त 2022 से मतदाता सूची में आधार
डाटा संग्रहण के संबंध में प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं के संबंध में जिले
के इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 अगस्त से प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी मतदाता सूची के साथ आधार डाटा
संग्रहण की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। श्रीमती सिंह ने आधार डाटा संग्रहण के
लिए निर्वाचन आयोग के निर्धारित पोर्टल एवं प्रारूप संबंधी जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि डाटा संग्रहण की प्रक्रिया ऑफलाईन एवं ऑनलाईन दोनों माध्यमों से
की जाएगी। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा इस संबंध में घर-घर जानकारी का
प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी उक्त कार्य के
व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की।
’हर घर तिरंगा’ अभियान को घर-घर तक पहुँचाएँ
कलेक्टर ने उपस्थित मीडिया को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में विस्तृत
जानकारी दी। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा अभियान के प्रचार-प्रसार एवं 13 से 15 अगस्त के बीच की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी।
श्रीमती सिंह ने 1 अगस्त से जिले के साथ-साथ सभी
ब्लॉक एवं ग्रामीण स्तर पर ’हर घर तिरंगा’ अभियान की जागरूकता एवं आम आदमी को इस अभियान से जोड़ने के लिए किए जाने वाले
नवाचारों की तारीखवार जानकारी दी। उन्होंने इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज संहिता के
पालन एवं संशोधन के बारे में भी बताया। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे सभी
आजादी के 75वे वर्ष में आयोजित हो रहे इस अभियान में सक्रिय भूमिका
निभाएं तथा ’हर घर तिरंगा’ अभियान की
जानकारी घर-घर तक पहुंचाने में सहभागी बनें।
अंकुर अभियान की दी जानकारी
कलेक्टर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले के सभी मीडिया
प्रतिनिधियों को प्रदेश सरकार द्वारा वृक्षारोपण के लिए चलाए जा रहे अंकुर अभियान
की जानकारी दी। उन्होंने हरियाली महोत्सव के दौरान जिला प्रशासन द्वारा वृक्षारोपण
के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में भी बताया। श्रीमती सिंह ने उपस्थित मीडिया
से अपील की कि विशेष अवसरों पर कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं। इसी प्रकार हरियाली
महोत्सव के दौरान भी वृक्षारोपण कर इसे वायुदूत ऐप पर अपलोड जरूर करें।
No comments:
Post a Comment