मण्डला 1 अगस्त 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने
सीएम हेल्पलाईन,
समाधान प्रकरण, ’हर घर तिरंगा’ अभियान, अंकुर अभियान तथा शासन की अलग-अलग योजनाओं की विभागवार
समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से
प्रदेश के साथ-साथ मंडला जिले में मतदाता सूची से आधार डेटा जोड़ने संबंधी
कार्यवाही प्रारंभ की जा रही है। सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिजन मतदाता सूची में अपना आधार डाटा जोड़ने की कार्यवाही
प्रारंभ करें। कलेक्टर ने भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल की जानकारी देते हुए सभी
को अपनी आवश्यक जानकारी पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए।
श्रीमती सिंह ने बैठक में सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए डी श्रेणी में
आने वाले विभागों को प्रगति दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 1 सप्ताह में निम्न प्रदर्शन करने वाले विभाग अपना प्रदर्शन सुधारें। कलेक्टर
ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से सीएम हेल्पलाईन का संतुष्टिपूर्ण निराकरण
सुनिश्चित करें तथा रिपोर्ट करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी शिकायत
अनअटेंड न रहे। कलेक्टर ने एल-1 सहित अलग-अलग स्तरों पर
लंबित शिकायतों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से निराकरण की स्थिति
जानी। उन्होंने कहा कि पात्रता पर्चियों के सत्यापन संबंधी सीएम हेल्पलाईन की
शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें।
झण्डे निर्माण का लक्ष्य पूर्ण
कर तत्काल जमा करें
कलेक्टर ने बैठक में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत अलग-अलग
विभागों को तिरंगे झण्डे के निर्माण के लिए आवंटित लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए
निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने लक्ष्य के अनुरूप झण्डों का निर्माण करें तथा
निर्धारित स्थानों पर जमा करें। उन्होंने सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ नगरपालिका को
निर्देशित किया कि झण्डा विक्रय के लिए स्थानों का अपने स्तर पर चिन्हांकन भी
करें। उन्होंने जिला मुख्यालय के रपटाघाट में भी झण्डा विक्रय के लिए स्टॉल लगाने
के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर भी स्टॉल लगाने के निर्देश
दिए।
बैठक में कलेक्टर ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अगस्त के पहले
सप्ताह में सप्ताह भर के आयोजनों की तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग में अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। उन्होंने 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण कार्यक्रम के संबंध में चर्चा करते हुए आवश्यक
निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने कार्यालयों एवं
परिसरों में ’हर घर तिरंगा’ अभियान के
अंतर्गत फ्लैक्स, बैनर लगाएं। साथ ही अपने सोशल
मीडिया पर भी अभियान से जुड़े पोस्टर एवं डीपी आदि लगाएं।
पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य 7 तक प्राप्त करने का प्रयास करें
कलेक्टर ने बैठक में ’निरक्षरता से आजादी’ अभियान की समीक्षा करते
हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा किए गए मैदानी भ्रमण का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा
कि सभी संबंधित विभाग आगामी 1 सप्ताह प्रभावी कार्य
करते हुए 7 अगस्त तक जिले को पूर्ण रूप से साक्षर बनाने का लक्ष्य
प्राप्त करने का प्रयास करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी सीईओ जनपद एवं सीएमओ
नगरपालिका अपने-अपने क्षेत्रों में साक्षरता कार्य का सत्यापन करें तथा शेष बचे
व्यक्तियों को पूर्ण रूप से साक्षर बनाने काम करें। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति तथा दिव्यांगजनों को भी पूर्ण रूप से साक्षर
बनाने के लिए काम करने के निर्देश दिए।
3 अगस्त को वैक्सीनेशन महाभियान
श्रीमती सिंह ने बैठक में समस्त जिलाधिकारियों को निर्देशित
किया कि 3 अगस्त को समस्त जिले में कोविड वैक्सीनेशन एवं प्रीकॉशन
डोज के लिए महाभियान आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के मैदानी अमले के माध्यम
से व्यापक जानकारी प्रसारित करें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी भी कराएँ।
उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि 3 अगस्त को
प्रातः जल्दी वैक्सीनेशन प्रारंभ कराएं आवश्यक होने पर अधिक से अधिक मोबाईल टीम
बनाएं तथा घर-घर जाकर भी वैक्सीनेशन कराएं।
अंकुर अभियान की हुई समीक्षा
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि अंकुर अभियान के तहत किए जाने
वाले वृक्षारोपण एवं इसकी जानकारी वायुदूत ऐप में फीड करें। उन्होंने संबंधित
विभागों को अंकुर अभियान के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के निर्देश दिए। श्रीमती
सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक
पेड़ अवश्य लगाएं। साथ ही हरियाली महोत्सव के दौरान भी अधिक से अधिक पेड़ लगाकर
वायुदूत ऐप पर जानकारी फीड करें। कलेक्टर ने वृक्षारोपण के लिए नर्मदा तटों को भी
विशेष रूप से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
विश्व स्तनपान दिवस की दी गई
जानकारी
बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह ने 1 से 7 अगस्त तक आयोजित हो रहे विश्व स्तनपान सप्ताह के आयोजन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। बैठक में कलेक्टर ने जिले में मलेरिया की स्थिति के बारे में जाना। उन्होंने मलेरिया अधिकारी को निर्देशित किया कि मलेरिया जांच की कार्यवाही लगातार करें। साथ ही आमजनों को मलेरिया से रोकथाम एवं बचाव की जानकारी भी प्रदान करें। कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग से नए शैक्षणिक सत्र के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी पाठ्यक्रमों का शैक्षणिक कार्य समुचित रूप से प्रारंभ हो। उन्होंने स्कूलों में मध्यान्ह भोजन प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने डीपीसी को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के लिए बनाए जा रहे जाति प्रमाण पत्रों के वितरण के लिए विशेष कैम्प लगाएं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को विशेष भोज के आयोजन की तैयारियां पूर्ण करें।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment