Breaking

revanchal times new

’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगामय हुआ मंडला

 

स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

 








मण्डला 1 अगस्त 2022

            ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा 1 अगस्त से अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जोड़ने अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 1 अगस्त को मंडला मुख्यालय सहित समस्त विकासखंडों में साईकिल रैली एवं पैदल यात्रा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के अलग-अलग स्थानों से स्कूली बच्चों ने साईकिल रैली तथा प्रभातफेरी निकाली। सभी विद्यार्थियों ने अपनी साईकिल पर तथा हाँथ में तिरंगा झंडा लेकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। साथ ही देशभक्ति के नारों लगाकर आम आदमी को इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।             कलेक्टर हर्षिका सिंह कलेक्ट्रेट से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रभातफेरी में शामिल हुई एवं शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए स्टेडियम ग्राउंड पहुंची। सभी स्कूली बच्चे, आमजन तथा जनप्रतिनिधिगणों ने स्टेडियम में पहुंचकर अद्भुत वातावरण बनाने में सहयोग दिया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने सफेद, हरे तथा केसरिया रंग के कपड़े तथा हाँथ में झंडा लेकर आयोजन को देशभक्तिमय बना दिया। साथ ही श्रृंखला बनाकर ’हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, डीएफओ, नगरपालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, अभिभावक, मीडिया तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

            महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मंच से राष्ट्रीय ध्वज संहिता की जानकारी दी गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने तिरंगे झंडे के सम्मान तथा ’हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की उपस्थितजनों को शपथ दिलाई। साथ ही अभियान के संबंध में आमजनों को विस्तृत जानकारी दी तथा हर व्यक्ति को इस अभियान में सक्रिय होकर भाग लेने की अपील की। कलेक्टर, वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान का जिलेभर में संदेश देने के लिए सफेद, केसरिया तथा हरे रंग के गुब्बारे हवा में छोड़े। स्टेडियम ग्राउंड में सभी के लिए सेल्फी प्वाईंट भी बनाए गए। बच्चों, विद्यार्थियों, आमजनों, अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर सेल्फी प्वाईंट में फोटो भी खिचवाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new