Breaking

revanchal times new

14 साल की बच्‍ची की 3 बार करा दी शादी, सेक्‍स रैकेट की मास्‍टरमाइंड अरेस्‍ट




 रेवांचल टाइम्स,सागर: एमपी के सागर ज‍िले में पुल‍िस ने बेहद चौंकाने वाला पर्दाफाश क‍िया है. जैसीनगर थाना इलाके के वीरपुरा से 30 जुलाई को गुम हुई दो नाबालिग बच्चियों की गुमशुदगी के मामले में पुल‍िस ने कामयाबी पाई है. जैसीनगर थाना पुलिस और महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह की सक्रियता से मानव तस्कर और नाबालिग बच्चियों से देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर मुख्य महिला सरगना 30 वर्षीय बसंती अहिरवार को अपनी हिरासत में ले लिया है.

दो बच्‍च‍ियों की दर्ज थी गुमशुदगी की र‍िपोर्ट
महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को वीरपुरा निवासी 8 वर्षीय और एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्चियों की गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने जैसीनगर थाने दर्ज कराई थी. मामला नाबालिग बच्चियों से जुड़ा होने के चलते पुलिस ने तत्‍परता दिखाते हुए पूरे जिले में बच्चियों की छानबीन शुरू कर दी. इसी बीच पुलिस को दोनों बच्चियां सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के बड़ा करीला में मिली थीं.

ब्‍लैकमेल‍िंग कर ब‍िकवाई शराब
14 वर्षीय बच्ची से पूछताछ करने पर उसने बताया कि बसंती की बहन 5 साल पहले उसके साथ पढ़ती थी तो उसके घर आना जाना हो गया. इसी दरम‍ियान बसंती ने उसे झांसे में लेकर उससे शराब बिकवाई थी. यह कार्य न करने पर बसंती उसको टॉर्चर करती और उसके नाबालिग भाई पर मोतीनगर थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला भी दर्ज करा दिया. बसंती ने कहा क‍ि अपने भाई को बचाना चाहती हो तो एक और बच्ची लेकर आओ. इसी दबाव में वह एक और बच्ची लाने के लिए राजी हुई जिसके लिए बसंती ने अपने भाई को उसके साथ उसके गांव वीरपुरा भेजा और वह 8 वर्ष की बच्ची को अपने साथ लेकर सागर आई.

तीन जगहों पर करा चुकी है शादी
संगीता सिंह ने बताया क‍ि बसंती उसकी पहले तीन अलग-अलग जगहों पर शादी भी करा चुकी है. इसके साथ ही महिला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि बसंती पर पूर्व में वेश्यावृत्ति कराने और शराब बेचने आदि के आपराधिक रिकॉर्ड है. साथ ही बसंती के घर से एक कोलकाता के युवक को हिरासत में लिया है. 14 साल की बच्ची ने बताया इसी युवक को 8 साल की बच्ची को बसंती बेच रही थी जिससे ये अंदाजा लगाया जा सकता है क‍ि बसंती ने बच्ची बेचने के उद्देश्य से अपहरण कराया था.

Post a Comment

Previous Post Next Post