Breaking

revanchal times new

कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक......... राजस्व संबंधी प्रकरणों एवं योजनाओं की हुई समीक्षा.......



रेवांचल टाईम्स - कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा ने आज 21 जनवरी को राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व विभाग से संबंधित प्रकरणों एवं वर्तमान में संचालित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर शिव गोविंद मरकाम, एसडीएम बालाघाट के.सी. बोपचे, एसडीएम वारासिवनी संदीप सिंह, कटंगी एसडीएम राहित बम्होरे, किरनापुर एसडीएम निकिता सिंह मंडलोई, लांजी एसडीएम ज्योति ठाकुर, सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।




कलेक्टर डॉ मिश्रा ने बैठक में पीएम किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के सभी प्रकरणों की समीक्षा की और हितग्राहियों के लंबित के प्रकरणों का शीघ्र सत्यापन करने के निर्देश दिये। बैठक में धारणाधिकार प्रकरणों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि धारणाधिकार संबंधी प्रकरण किसी भी स्थिति में लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करायें । वन अधिकार पट्टों के हितग्राहियो को प्रधान मंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाने के लिये आवेदन कराने का प्रयास किया जाये । सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटना के प्रकरणों में मृतकों के परिजनों एवं घायल व्यक्तियों को सहायता राशि के प्रकरणों का त्वरित निराकरण करायें और राशि भुगतान के लिए प्रकरणों को लंबित न रखा जाये । उन्होंने पुराने प्रकरणों का जल्‍द से जल्‍द निराकरण करने के निर्देश दिये ।




कलेक्‍टर डॉ मिश्रा ने धान उपार्जन में राजस्‍व अधिकारियों द्वारा किये गये कार्यो की सराहना करते की और कहा कि सभी ने अच्‍छा कार्य किया है और आगे भी अच्छा कार्य करना होगा । उन्‍होने कहा कि “राशन आपके द्वार” योजना में खाद्यान आबंटन को लेकर कार्य करना है । कहीं भी कोई हितग्राही योजना के लाभ से वंचित ना रहे । खाद्यान को लेकर राशन दुकानों की जांच करें और कलस्‍टर के अनुसार ही लोगों को खाद्यान्न का आबंटन किया जाये। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए।




बैठक में सभी अधिकारियों को अविवादित सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, फौती दर्ज के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये गये। विभिन्न राजस्व मदों एवं आरआरसी वसूली प्रकरणो में बड़़े बकायादारों से सख्ती से वसूली करने के निर्देश दिये।




रेवांचल टाइम्, लांजी बालाघाट से खेमराज सिंह बनाफरे

Post a Comment

Previous Post Next Post