Breaking

revanchal times new

वनांचल मवई को मिली सौगात - 4 करोड़ 34 लाख 78 हजार की लागत से बनेगा मवई महाविद्यालय भवन...



रेवांचल टाईम्स - मण्डला आदिवासी बाहुल्य हमारा जिला जो विकास के मामले में हमेशा ही पिछड़ा रहता था अब अपने विकास की रफ्तार को हासिल करने लगा है, सभी की मेहनत और सकारात्मक प्रयासों के चलते अब जिले में विकास के नए नए आयाम स्थापित होने शुरू हो गए हैं। वनांचल मवई जो विकास की मुख्य धारा से पिछड़ा हुआ रहता था अब यहां भी विकास कार्य गति पकड़ने लगे हैं। मेरा हर कार्य क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित है। हमारा हमेशा से ही प्रयास रहा है कि मवई क्षेत्र में शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हो संसाधनों का विकास हो इस हेतु हमने अनवरत प्रयास किये हैं और उन्ही प्रयासों का परिणाम आज क्षेत्र को विकास की नई नई सौगातों के रूप में मिल रहा है। मवई में महाविद्यालय खुलना बहुत महत्वपूर्ण कार्य था लेकिन यहां संसाधनों का विकास करना उससे बड़ी चुनौती थी, महाविद्यालय मवई में अपना कोई भवन नहीं था, पढ़ाने के लिए प्राध्यापक नहीं थे लेकिन अब धीरे धीरे इनकी व्यवस्था होने लगी है। लगातार प्रयासों के फलस्वरूप उच्च शिक्षा विभाग मप्र शासन ने मवई महाविद्यालय के लिए नए भवन का निर्माण स्वीकृत किया है जिसकी कुल लागत 4 करोड़ 34 लाख 78 हजार रुपये है इस हेतु दिनांक 28 जुलाई 2021 को विभाग द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति भी जारी कर दी है एवं इस हेतु निर्माण एजेंसी पीआईयू लोक निर्माण विभाग को बनाया गया है। अब जल्द ही हमारे क्षेत्र के बच्चे एक बेहतरीन सर्वसुविधायुक्त भवन में उच्च शिक्षा अध्ययन करेंगे। यह कहना है बिछिया विधानसभा के विधायक नारायण सिंह पट्टा का, जिन्होंने शनिवार को मवई विकासखंड अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय का निरीक्षण किया और वहां के स्टाफ से चर्चा कर भवन निर्माण संबंधी जानकारी दी एवं महाविद्यालय हेतु अन्य आवश्यकता की जानकारी ली।

प्राध्यापकों की पदस्थापना और विज्ञान संकाय प्रारम्भ करने की मांग

इस निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो जगदीश प्रसाद शिववंशी व स्टाफ ने सबसे पहले नवीन भवन स्वीकृति के लिए विधायक श्री पट्टा का आभार ज्ञापित किया और इसे मवई क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी सौगात बताया। इस दौरान उन्होंने मवई महाविद्यालय में विज्ञान संकाय प्रारम्भ करवाने के साथ नियमित प्राध्यापकों की नियुक्ति करवाने की भी मांग की। जिसे लेकर विधायक श्री पट्टा ने बताया कि हमने शुरुआती दौर से ही मवई महाविद्यालय के लिए विज्ञान संकाय की मांग की है लेकिन शासन ने हमारी इस मांग को लेकर लिखित में जबाब दिया है कि वर्तमान में मवई में विज्ञान संकाय प्रारम्भ करने की शासन की कोई योजना नहीं है लेकिन भविष्य में इसपर निर्णय लिया जा सकता है। विधायक ने आश्वासन दिया कि इसके लिए वे एकबार फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिलकर मवई में प्राध्यापकों की नियमित पदस्थापना एवं विज्ञान संकाय खोलने की मांग करेंगे।

ये रहे उपस्थित

         इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई अध्यक्ष , बोधु सिंह मरावी, बेनी यादव, रामदयाल धुर्वे,अरविंद झारिया, सरफराज खान सहित जिला शिक्षा अधिकारी श्री सेन्द्राम, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो जगदीश प्रसाद शिववंशी, राजेन्द्र सोनवानी, योगेंद्र रैदास, डॉ अर्चना डेनियल, वंदना उरकुड़े, आशीष चतुर्वेदी, दयानंद प्रजापति, डॉ नसीम बानो सहित कॉलेज का अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new