उमरिया: तीन दिन से लापता युवक का देवगवां डैम में मिला शव, गांव में शोक
उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के ग्राम देवगवां में गुरुवार सुबह गांव के समीप स्थित डैम में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 32 वर्षीय नंदीलाल, पिता सौखी कोल, निवासी देवगवां के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से लापता था और परिजन व ग्रामीण उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने से परिवार और गांव में शोक है।

नौ नवंबर को घर से निकला था नंदीलाल
देवगवां गांव इंदवार थाना क्षेत्र की अमरपुर चौकी के अंतर्गत आता है। नंदीलाल गांव के बरिहाई मोहल्ले में हनुमान मंदिर के पीछे रहता था। वह नौ नवंबर को घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के परिचितों के यहां उसकी तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई थी।
ग्रामीणों ने पानी में तैरता शव देखा
गुरुवार सुबह डैम की ओर गए कुछ ग्रामीणों ने पानी में शव तैरता देखा और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जानकारी फैलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। अमरपुर चौकी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को जानकारी दी गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से स्पष्ट होगा मौत का कारण
अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि देवगवां के डैम में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मर्ग कायम कर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। नंदीलाल डैम तक कैसे पहुंचा और उसकी मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।