Breaking

revanchal times new

रायसेन में नर्मदा से मिला प्राचीन जीवाश्म, हाथी का जबड़ा होने की संभावना

दैनिक रेवाँचल टाईम्स

रायसेन में नर्मदा से मिला प्राचीन जीवाश्म, हाथी का जबड़ा होने की संभावना

नर्मदा के कटाव से सामने आया अवशेष

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में देवरी क्षेत्र के समीप नर्मदा नदी की घाटी में एक प्राचीन जीवाश्म मिला है। नदी के तल में प्राकृतिक कटाव से बने बड़े गड्ढे में यह अवशेष सामने आया। विशेषज्ञों ने इसके प्रागैतिहासिक हाथी का जबड़ा होने की संभावना जताई है। अवशेष का अधिकांश हिस्सा अभी भी पानी के नीचे दबा हुआ है।

रायसेन में नर्मदा से मिला प्राचीन जीवाश्म, हाथी का जबड़ा होने की संभावना

प्रारंभिक अध्ययन के आधार पर विशेषज्ञों ने इसकी अनुमानित आयु लगभग पैंसठ लाख वर्ष बताई है। पानी से बाहर दिखाई दे रहे हिस्से में दाढ़ें और जबड़े की बनावट सुरक्षित नजर आ रही है।

स्थल की घेराबंदी, चौबीस घंटे निगरानी

स्थानीय प्रशासन ने अवशेष को असामाजिक तत्वों और प्राकृतिक क्षति से बचाने के लिए घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है। मौके पर पहुंचे बरेली के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अंकित कुमार जैन ने मीडिया को बताया कि जीवाश्म का पानी के ऊपर दिखाई देने वाला हिस्सा लगभग एक फुट ऊंचा और डेढ़ फुट चौड़ा है।

प्रशासन के अनुसार, इस अवशेष को भारी मशीनों और तकनीकी सुरक्षा के बिना सुरक्षित स्थान पर नहीं हटाया जा सकता। इसलिए विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय टीम को मौके पर आकर इसकी गहन जांच और अध्ययन करना होगा। स्थल पर चौबीस घंटे निगरानी के लिए विशेष पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं।

दांतों की संरचना से प्रारंभिक पहचान

जबलपुर के गवर्नमेंट साइंस कॉलेज के भूविज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष एवं जीवाश्म विशेषज्ञ डॉ. वीके खन्ना ने जबड़े का तकनीकी अध्ययन किया है। उनके अनुसार, दिखाई दे रहे मजबूत दांत किसी अत्यंत प्राचीन हाथी प्रजाति के हैं और इनकी अनुमानित आयु लगभग पैंसठ लाख वर्ष है। उन्होंने बताया कि दांतों की विशिष्ट संरचना पहचान का मुख्य आधार है। उनके मुताबिक, यह किसी जलजीव या समुद्री प्राणी का जबड़ा नहीं है, क्योंकि हाथी स्थलीय जीव है।

खोज से जुड़ी विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका घोष का मानना है कि नदी से बाहर दिखाई दे रहा हिस्सा संभवतः उस विशाल जानवर का निचला जबड़ा है। उनके अनुसार, यह अवशेष विलुप्त प्रागैतिहासिक हाथी प्रजाति 'स्टेगोडॉन नामाडिकस' से संबंधित है, जिसके जीव लगभग साढ़े दस फीट तक ऊंचे हुआ करते थे।

विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि अवशेष को पानी से अत्यंत सावधानीपूर्वक बाहर निकाला जाए, ताकि पूरे जबड़े और कंकाल की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

दैनिक रेवाँचल टाईम्स

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new