भोपाल में शिक्षा उपकर के 183.04 करोड़ का हिसाब मांगा, कांग्रेस पार्षद ने उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग
भोपाल। नगर निगम में शिक्षा उपकर की वसूली और उसके खर्च को लेकर कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में जनता से शिक्षा उपकर के रूप में 183.04 करोड़ रुपये वसूले गए, लेकिन सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प और विकास पर केवल 13.25 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने लगभग 169.8 करोड़ रुपये की शेष राशि के उपयोग का ब्योरा सार्वजनिक करने और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

पार्षद ने नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को आधिकारिक पत्र लिखकर वर्षवार वसूली, खर्च और शेष राशि की पूरी जानकारी मांगी है। उनका आरोप है कि शिक्षा उपकर से प्राप्त राशि के वास्तविक उपयोग का हिसाब स्पष्ट नहीं है।
77 कार्यों को मंजूरी, करीब 20 प्रस्ताव अधूरे या निरस्त बताए गए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2026-27 तक शिक्षा उपकर के फंड से 77 विकास कार्यों के लिए लगभग 36.48 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी। इनमें करीब 23.23 करोड़ रुपये के लगभग 20 प्रस्ताव ऐसे बताए जा रहे हैं, जो या तो अधूरे हैं या निरस्त कर दिए गए हैं। कई मामलों में निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक भूमि भी उपलब्ध नहीं हो सकी।
कांग्रेस पार्षद का कहना है कि शहर के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय और अन्य बुनियादी शिक्षण सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में शिक्षा उपकर से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल किस मद में किया गया।
चुनिंदा वार्डों में काम कराने का आरोप
भोपाल नगर निगम के अंतर्गत कुल 85 वार्ड हैं। आरोप है कि शिक्षा उपकर की राशि से होने वाले विकास कार्य कुछ चुनिंदा वार्डों तक सीमित रहे और अन्य क्षेत्रों की उपेक्षा की गई। कथित वित्तीय अनियमितता और प्रशासनिक लापरवाही के इस मामले में कांग्रेस ने लोकायुक्त में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की है।
संपत्तिकर के साथ वसूला जाता है शिक्षा उपकर
नियमानुसार, शिक्षा उपकर संपत्तिकर के साथ तीन प्रतिशत की अतिरिक्त दर से वसूला जाता है। भोपाल में पौने चार लाख से अधिक संपत्तियों से नगर निगम प्रत्येक वर्ष औसतन 400 करोड़ रुपये का संपत्तिकर वसूलता है। विपक्षी पार्षदों ने इसी राजस्व और सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को आधार बनाकर निगम प्रशासन से जवाब मांगा है।