मुख्यालय में रहते नहीं,फिर भी मकान किराया भत्ते का लाभ लेने का आरोप; सीएम हेल्पलाइन शिकायतें बंद कराने पत्रकार पर बनाया जा रहा दबाव*
एडीओ,पीसीओ से लेकर बीसी,एपीओ और एओ तक के आवासीय दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन की उठी मांग,सीईओ की भूमिका पर भी सवाल*
दैनिक रेवांचल टाईम्स - जनपद पंचायत लालबर्रा में सरकारी व्यवस्था और जवाबदेही को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है,जो ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।आरोप है कि जनपद पंचायत में पदस्थ अनेक अधिकारी-कर्मचारी अपने निर्धारित मुख्यालय लालबर्रा में निवास नहीं करते, बल्कि बालाघाट अथवा बरघाट से प्रतिदिन आना-जाना करते हैं।इसके बावजूद कथित तौर पर मुख्यालय में निवासरत होने के दस्तावेज प्रस्तुत कर शासन से मकान किराया भत्ता(एचआरए)प्राप्त किया जा रहा है।यदि ये आरोप सही हैं तो यह केवल सरकारी नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि शासन की राशि पर अनुचित लाभ लेने का गंभीर मामला है।
इस पूरे मामले को लेकर ‘दैनिक गोंडवाना समय’ के तहसील ब्यूरो लालबर्रा के पत्रकार लकेश पंचेश्वर ने सीएम हेल्पलाइन पर दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। पहली शिकायत दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को दर्ज की गई,जिसमें जनपद पंचायत लालबर्रा में कार्यरत एडीओ एवं पीसीओ के मुख्यालय में निवास नहीं करने का मुद्दा उठाते हुए उनके द्वारा प्रस्तुत आवासीय प्रमाणों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की गई।वहीं दूसरी शिकायत दिनांक 4 नवंबर 2026 को दर्ज कराई गई,जिसमें बीसी, बीसी-एसबी,एपीओ एवं एओ सहित अन्य संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के आवासीय दस्तावेजों, किरायानामों तथा मुख्यालय में वास्तविक निवास की स्थिति की जांच कराने की मांग की गई है।
कागजों में मुख्यालय, हकीकत में कहीं और निवास?*
शिकायतों में स्पष्ट रूप से मांग की गई है कि संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा मकान किराया भत्ता प्राप्त करने के लिए प्रस्तुत किए गए आवासीय प्रमाण-पत्रों, किरायानामों एवं अन्य दस्तावेजों की जांच कराई जाए। केवल कार्यालयीन अभिलेखों अथवा कर्मचारियों के स्वयं के स्पष्टीकरण के आधार पर शिकायतों का निराकरण न किया जाए, बल्कि सक्षम अधिकारियों की टीम गठित कर बिना पूर्व सूचना के उनके दर्शाए गए आवासों का भौतिक सत्यापन कराया जाए।
सवाल यह है कि यदि कोई अधिकारी-कर्मचारी वास्तव में लालबर्रा मुख्यालय में निवास नहीं करता और बालाघाट अथवा बरघाट से प्रतिदिन आवागमन करता है, तो उसे मुख्यालय में निवास के आधार पर मकान किराया भत्ते का लाभ किस आधार पर दिया जा रहा है?क्या संबंधित अधिकारियों के आवासीय दस्तावेजों का कभी वास्तविक सत्यापन किया गया?क्या विभाग के पास इस बात का प्रमाण है कि जिन मकानों को कर्मचारियों ने अपना आवास दर्शाया है,वहां वे वास्तव में निवासरत हैं?
शिकायत की जांच से पहले शिकायतकर्ता को ही घेरने की कोशिश!*
इस प्रकरण का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि शिकायतों का निष्पक्ष निराकरण होने के बजाय शिकायतकर्ता पत्रकार लकेश पंचेश्वर पर कथित रूप से शिकायतें बंद कराने का दबाव बनाया जा रहा है। पत्रकार का आरोप है कि जनपद पंचायत में कार्यरत कुछ कर्मचारी उनके साथ अच्छे संबंधों का हवाला देकर लगातार यह कह रहे हैं कि शिकायतें बंद कर दी जाएं। संबंधों और आपसी जान-पहचान की दुहाई देकर सरकारी व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों को दबाने का प्रयास आखिर किस मानसिकता को दर्शाता है?
यदि शिकायतों में लगाए गए आरोप निराधार हैं तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी दस्तावेजों और वास्तविक स्थिति के आधार पर अपना पक्ष रखें। यदि सब कुछ नियमानुसार है तो भौतिक सत्यापन से पीछे हटने की जरूरत ही क्या है?
लेकिन शिकायतकर्ता को व्यक्तिगत संबंधों का हवाला देकर शिकायत वापस लेने के लिए मनाना कई सवालों को जन्म देता है।आखिर शिकायतों का निराकरण जांच के जरिए होना चाहिए या शिकायतकर्ता को समझा-बुझाकर मामला खत्म करवा देना ही विभागीय कार्यप्रणाली बन गई है?
*सीईओ जनपद पंचायत की जवाबदेही आखिर कहां?*
इस पूरे मामले में जनपद पंचायत लालबर्रा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है।जनपद पंचायत के प्रशासनिक मुखिया होने के नाते यह उनकी जिम्मेदारी है कि कार्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी शासन के निर्धारित नियमों का पालन करें और मुख्यालय में निवास संबंधी शर्तों का वास्तविक अनुपालन हो। यदि कर्मचारी मुख्यालय में निवास नहीं कर रहे हैं तो उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
मुख्य कार्यपालन अधिकारी को चाहिए कि इस मामले को महज एक सीएम हेल्पलाइन शिकायत मानकर औपचारिकता पूरी न करें, बल्कि समूचे जनपद पंचायत में पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों के आवासीय दावों की व्यापक जांच कराएं। जिन अधिकारियों-कर्मचारियों ने मकान किराया भत्ता प्राप्त करने के लिए लालबर्रा में निवासरत होने के प्रमाण प्रस्तुत किए हैं,उनके दर्शाए गए आवासों का औचक निरीक्षण कराया जाए। मकान मालिकों से वास्तविक किरायेदारी की पुष्टि की जाए, किरायानामों एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन हो और यह भी जांचा जाए कि संबंधित कर्मचारी वास्तव में वहां निवास करते हैं अथवा केवल कागजों में आवास दर्शाकर शासन से आर्थिक लाभ ले रहे हैं।
यदि जांच में गलत जानकारी अथवा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मकान किराया भत्ता प्राप्त करने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार वसूली के साथ संबंधितों के विरुद्ध विभागीय एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
क्या शिकायतों का निराकरण होगा या दबाव में बंद कर दी जाएंगी?*
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनपद पंचायत लालबर्रा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इस गंभीर विषय को कितनी गंभीरता से लेते हैं।सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज दोनों शिकायतें अभी निराकरण की प्रक्रिया में हैं। ऐसे में शिकायतकर्ता को शिकायत बंद करने के लिए कथित रूप से प्रभावित करने के बजाय विभाग को जांच की पारदर्शी प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
सरकारी नौकरी में वेतन और भत्ते शासन के नियमों के अनुसार मिलते हैं,न कि केवल कागजों में मुख्यालय का पता दर्शा देने से। यदि मुख्यालय में निवास की शर्त लागू है तो उसका पालन भी अनिवार्य होना चाहिए। आखिरकार जनता के टैक्स से मिलने वाली सरकारी राशि किसी की व्यक्तिगत सुविधा का साधन नहीं बन सकती। अब सवाल सिर्फ इतना है कि लालबर्रा जनपद पंचायत में मुख्यालय निवास के नाम पर चल रही इस कथित कागजी व्यवस्था की जांच होगी या फिर आपसी संबंधों और दबाव के बीच यह मामला भी फाइलों में ही दफन हो जाएगा?
