पंचायतों में भ्रष्टाचार का खुला खेल? सरपंच-सचिव से लेकर रोजगार सहायक और उपयंत्री तक की भूमिका पर सवाल, जांच और कार्रवाई के बीच फंसी सरकारी धन की जवाबदेही
दैनिक रेवांचल टाईम्स - मंडला। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सरकार की योजनाओं को आखिर ग्राम पंचायतों में कौन पलीता लगा रहा है? पंचायतों को पारदर्शी बनाने के लिए बनाए गए पंचायत दर्पण पोर्टल पर यदि लाखों रुपये के भुगतान का हिसाब ही सवालों के घेरे में हो, तो फिर सरकारी धन की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है?
मामला मंडला जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत टिकरिया का है। यहां सरपंच और सचिव की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पंचायत दर्पण पोर्टल पर उपलब्ध भुगतान संबंधी जानकारी के अनुसार कई लाख रुपये के भुगतान में आवश्यक बिलों के स्थान पर केवल वाउचर अपलोड किए जाने की बात सामने आ रही है। सवाल है कि आखिर भुगतान किस सामग्री, किस कार्य और किस वास्तविक खर्च के आधार पर किए गए? यदि खर्च नियमानुसार हुआ है तो संबंधित बिल और प्रमाणिक दस्तावेज कहां हैं?
बिलों की जगह वाउचर, किसके भरोसे सरकारी भुगतान?
पंचायत में जनता के विकास के नाम पर खर्च होने वाली राशि का पूरा हिसाब होना चाहिए। लेकिन जब भुगतान संबंधी दस्तावेज ही सवालों में हों, तो वित्तीय पारदर्शिता पर संदेह होना स्वाभाविक है। क्या भुगतान से पहले जिम्मेदार अधिकारियों ने दस्तावेजों का परीक्षण किया? क्या वास्तविक कार्यों का भौतिक सत्यापन हुआ? क्या पोर्टल पर दर्ज भुगतान और धरातल पर हुए कार्यों में समानता है?
इन सवालों का जवाब सरपंच-सचिव के साथ संबंधित निगरानी अधिकारियों को भी देना होगा।
पंचायतों में कथित गड़बड़ियों का खेल, जांच के बाद भी कार्रवाई कहां?
मंडला जिले की कई ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों, सामग्री खरीदी, मजदूरी भुगतान और योजना क्रियान्वयन को लेकर समय-समय पर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। कहीं अधूरे निर्माण पर भुगतान के आरोप हैं तो कहीं दस्तावेजों और वास्तविक कार्यों के बीच अंतर की शिकायतें उठती हैं।
विडंबना यह है कि शिकायतों के बाद जांच की प्रक्रिया तो शुरू होती है, लेकिन कार्रवाई का परिणाम अक्सर दिखाई नहीं देता। कई मामलों में जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद भी जवाबदेही तय नहीं होने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है?
सरपंच-सचिव ही नहीं, निगरानी तंत्र भी जवाब दे
पंचायतों में होने वाले प्रत्येक भुगतान और निर्माण कार्य की जवाबदेही केवल सरपंच और सचिव तक सीमित नहीं है। रोजगार सहायक, उपयंत्री और जनपद स्तर के संबंधित अधिकारियों की भी अपनी जिम्मेदारियां हैं। आखिर कार्यों का मूल्यांकन कौन करता है? भुगतान की प्रक्रिया पर निगरानी कौन रखता है? गुणवत्ता और वास्तविक व्यय का सत्यापन कौन करता है?
यदि इन जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन हो रहा है, तो फिर पंचायतों में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें बार-बार क्यों सामने आती हैं?
अब जवाबदेही तय होगी या फिर मामला ठंडे बस्ते में जाएगा?
ग्राम पंचायत टिकरिया के पिछले भुगतानों की दस्तावेजवार जांच, बिल-वाउचर का मिलान, बैंक भुगतान का सत्यापन और निर्माण कार्यों का भौतिक परीक्षण कराया जाना जरूरी है। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि किन अधिकारियों ने भुगतान संबंधी दस्तावेजों का परीक्षण और सत्यापन किया।
सरकारी धन पर किसी का निजी अधिकार नहीं है। पंचायत की राशि जनता की अमानत है।
अब सवाल जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से है—क्या टिकरिया पंचायत के भुगतान की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी? क्या दोषी पाए जाने वालों पर वसूली और वैधानिक कार्रवाई होगी? या फिर जांच रिपोर्टों की तरह यह मामला भी सरकारी फाइलों में दबकर रह जाएगा?
क्योंकि पंचायतों में यदि सरपंच-सचिव से लेकर रोजगार सहायक और उपयंत्री तक की जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होगी, तो विकास के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायतों पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा।
