Breaking

revanchal times new

स्वामित्व योजना: टारगेट पूरा करने का भारी दबाव, तकनीकी समस्याओं के समाधान पर नही है ध्यान


प्रतिदिन 20 रजिस्ट्री के लक्ष्य से पटवारियों में भारी तनाव; अभिलेख त्रुटि सुधार के लिए सिवनी में अब तक जारी नहीं हुए लिखित आदेश

दैनिक रेवाँचल टाईम्स - सिवनी। मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी 'स्वामित्व योजना' के तहत लंबित रजिस्ट्रियों को पूर्ण करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्ती तो बढ़ा दी गई है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम कर रहे राजस्व विभाग के मैदानी अमले (पटवारियों) की व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। हाल ही में मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए गए हैं कि स्वामित्व योजना की लंबित रजिस्ट्रियों को 22 नवंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसके साथ ही पटवारियों के लिए प्रतिदिन कम से कम 20 रजिस्ट्रियां करने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। हालांकि, सिवनी जिले के पटवारियों का कहना है कि बिना तकनीकी बाधाओं को दूर किए इस लक्ष्य को हासिल करना असंभव है, जिससे मैदानी कर्मचारी भारी मानसिक दबाव और प्रताड़ना महसूस कर रहे हैं।

 *अन्य जिलों जैसा लिखित आदेश सिवनी में नही* 

जिले के पटवारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वामित्व योजना के तहत पोर्टल और अभिलेखों में कई गंभीर तकनीकी खामियां आ रही हैं। प्रदेश के कई अन्य जिलों में कलेक्टर्स द्वारा स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लिखित आदेश जारी किए गए हैं, जिसमें अभिलेख त्रुटियों के सुधार के लिए अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को अधिकृत किया गया है। इसके विपरीत, सिवनी जिले में प्रशासनिक स्तर पर अब तक ऐसा कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है। आदेश के अभाव में रजिस्ट्री खाते में मृत (फौत) हो चुके व्यक्तियों के नाम दर्ज होने और खाताधारकों के नाम में त्रुटि जैसी बुनियादी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है।

 पोर्टल की तकनीकी खामियां बनीं बड़ी बाधा*

मैदानी कर्मचारियों का कहना है कि वे शासन की इस महत्वपूर्ण योजना को सफल बनाने के लिए दिन-रात पूरी लगन से मेहनत कर रहे हैं, लेकिन सिस्टम की खामियां उनके आड़े आ रही हैं। कई मामलों में रजिस्ट्री के दौरान गलत गवाहों के नाम दर्ज हो रहे हैं, तो कहीं सर्वर और तकनीकी दिक्कत के कारण वीडियो अपलोड नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा भी कई अन्य पोर्टल संबंधी त्रुटियां हैं, जिनका समाधान स्थानीय स्तर पर पटवारियों के हाथ में नहीं है। उच्च स्तर से इन तकनीकी अड़चनों को दूर करने के बजाय केवल पेंडेंसी खत्म करने का दबाव बनाया जा रहा है, यही कारण है कि जिले में बड़ी संख्या में रजिस्ट्रियां लंबित पड़ी हैं।

 *एक तरफ पदोन्नति की कवायद, दूसरी तरफ मानसिक दबाव* 

एक ओर जहां भू-अभिलेख कार्यालय ग्वालियर द्वारा पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पद पर पदोन्नति के लिए वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक के गोपनीय प्रतिवेदन (सीआर) मंगाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मैदानी अमले को बिना संसाधन और समाधान दिए लक्ष्यों के बोझ तले दबाया जा रहा है। 23 नवंबर को प्रमुख सचिव राजस्व के समक्ष प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी है और 15 दिसंबर तक संपूर्ण कार्य पूरा करने की समय-सीमा तय की गई है।

जिला मुख्यालय और अनुभाग स्तर के अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निराकरण के लिए कोई ठोस पहल करने के बजाय केवल अतिशीघ्र कार्य पूर्ण करने के फरमान सुनाए जा रहे हैं। पटवारियों ने मांग की है कि जिला प्रशासन तत्काल अन्य जिलों की तर्ज पर त्रुटि सुधार हेतु लिखित आदेश जारी करे और पोर्टल की तकनीकी समस्याओं का समाधान कराए, ताकि वे तनावमुक्त होकर शासन की योजना को समय-सीमा में पूर्ण कर सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new