गाजी नगर की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, करीब 50 परिवारों की गृहस्थी जलकर राख
जबलपुर। शहर के गाजी नगर स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में देर रात करीब 2:30 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में करीब 50 परिवारों की झुग्गियां और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार गाजी नगर की इस बस्ती में करीब 350 परिवार रहते हैं। अचानक लगी आग के बाद बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सामान बचाने में जुट गए।
पूर्व पार्षद ने दी फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड के पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली ने नगर निगम के अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
स्थानीय रहवासियों, नगर निगम के फायर ब्रिगेड कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन के लगातार प्रयासों के बाद सुबह करीब 4:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक कई झुग्गियां और उनमें रखा घरेलू सामान जल चुका था।
प्रभावित परिवारों के सामने रहने और भोजन का संकट
अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने, भोजन, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं का संकट खड़ा हो गया है। कई परिवारों की पूरी गृहस्थी आग में नष्ट होने की जानकारी है।
सर्वे कराकर आर्थिक सहायता देने की मांग
पूर्व पार्षद सैय्यद ताहिर अली ने प्रशासन से मांग की है कि आग से प्रभावित सभी परिवारों का शीघ्र सर्वे कराया जाए और उन्हें आर्थिक सहायता, भोजन, कपड़े, अस्थायी आवास तथा अन्य जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
