बड़े हादसे का सबब बन रही सड़क पर आखिरकार प्रशासन ने कराया सुधार कार्य, वाहन चालकों को मिली राहत
दैनिक रेवांचल टाइम्स - भुआ-बिछिया। आखिरकार जनहित में उठाई गई आवाज का असर दिखाई दिया। बिछिया हाईवे मार्ग पर लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क की समस्या को दैनिक रेवांचल टाइम्स ने प्रमुखता से प्रकाशित कर जिम्मेदार विभागों का ध्यान आकर्षित कराया था। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और क्षतिग्रस्त सड़क का सुधार कार्य कराया गया।
गौरतलब है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और धंसे हुए हिस्से वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए थे। आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। कुछ दिन पूर्व इसी स्थान पर सड़क की बदहाली के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
दैनिक रेवांचल टाइम्स ने इस गंभीर लापरवाही को जनहित का मुद्दा बनाते हुए प्रमुखता से उठाया। खबर का असर हुआ और आखिरकार जिम्मेदार विभाग ने सड़क सुधार की सुध ली। अब मार्ग की स्थिति में सुधार होने से वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
पत्रकारिता की सार्थकता तब है, जब खबर सिर्फ अखबार के पन्नों तक सीमित न रहे, बल्कि व्यवस्था को जगाकर आम जनता की समस्या का समाधान भी कराए।
दैनिक रेवांचल टाइम्स की जनहित पत्रकारिता — जनता की आवाज, व्यवस्था तक।
खबर का असर, जनता को राहत!
दैनिक रेवांचल टाइम्स, भुआ-बिछिया
