संभाग स्तरीय शतरंज में सिवनी-बालाघाट का दबदबा, 12 खिलाड़ी विश्वविद्यालय स्तर के लिए चयनित
महिला वर्ग में सिवनी और पुरुष वर्ग में बालाघाट विजेता, पांढुर्णा में दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन
रेवांचल टाइम्स, पांढुर्णा। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय छिंदवाड़ा परिक्षेत्र की दो दिवसीय संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का समापन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में हुआ।
प्रतियोगिता में बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले की महिला एवं पुरुष वर्ग की टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
महिला वर्ग में जिला सिवनी की टीम विजेता तथा जिला बालाघाट की टीम उपविजेता रही। वहीं पुरुष वर्ग में जिला बालाघाट की टीम विजेता और जिला सिवनी की टीम उपविजेता रही। विजेता टीमों को अतिथियों एवं महाविद्यालय की प्राचार्य द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय स्तर के लिए 12 खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महिला एवं पुरुष वर्ग से कुल 12 खिलाड़ियों का विश्वविद्यालय स्तर के लिए चयन किया गया।
गरिमा सोनी (बालाघाट), राशि भल्लारे (छिंदवाड़ा), हिमानी पारधी (बालाघाट), मुस्कान सोरठ (छिंदवाड़ा), त्रिवेणी बढ़ई (बालाघाट) एवं रुद्रा मिश्रा (सिवनी)।
आयुष डोंगरे (छिंदवाड़ा), शिवांश गुप्ता (सिवनी), सुभाष गरवाल (बालाघाट), साहिल मेश्राम (बालाघाट), असद खान (छिंदवाड़ा) एवं प्रीतम सिंह (सिवनी)।
चयनित खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य डॉ. शहनाज खान ने दी शुभकामनाएं
समापन कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शहनाज खान की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। उन्होंने विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों, क्रीड़ा अधिकारियों, टीम प्रबंधकों एवं खेल सहायकों का स्वागत करते हुए चयनित खिलाड़ियों को आगामी विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष हेमंत कस्तूरे, विशेष अतिथि स्वर्णा इंडस्ट्रीज लिमिटेड पांढुर्णा के प्रबंधक सुधाकर सिंह एवं राजेश झाड़े उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. जी.एस.आर. नायडू ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य एवं आयोजन समिति को साधुवाद दिया।
आयोजन में इनकी रही प्रमुख भूमिका
कार्यक्रम में डॉ. गेंदालाल विश्वकर्मा, डॉ. जी.एस.आर. नायडू, मनीष चौरसिया, डॉ. सचिन तिवारी, श्रीमती ममता कुसरे, श्रीमती रोशनी सोलंकी, डॉ. सोहन सिंह धुर्वे, तेजू कुशवाह, चेस एसोसिएशन छिंदवाड़ा के सचिव अमन साहू तथा क्रीड़ा अधिकारी डॉ. नंदकिशोर पवार सहित विभिन्न जिलों के अधिकारी एवं टीम प्रबंधक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के क्रीड़ा संगठक एवं सचिव डॉ. नंदकिशोर पवार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन भोजराज काराले ने किया।
