मोहगांव में FLN प्रशिक्षण का प्रथम चरण संपन्न, 103 शिक्षकों ने सीखे गतिविधि आधारित शिक्षण के तरीके
कक्षा 1 और 2 में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान मजबूत करने पर जोर
दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार विकासखंड मोहगांव में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान यानी FLN (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण का प्रथम चरण संपन्न हुआ। जनपद शिक्षा केंद्र के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण में कुल 103 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का आयोजन कलेक्टर राहुल नामदेव धोते, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी शाश्वत सिंह मीणा तथा जिला परियोजना समन्वयक अशोक शुक्ला के निर्देशन में किया गया।
प्रशिक्षण में विशेष रूप से कक्षा 1 एवं 2 के बच्चों की बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई। भोपाल से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर्स ने शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित न रखते हुए तकनीकी उपकरणों, शिक्षण सहायक सामग्री और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कक्षा में बच्चों को सरल एवं प्रभावी तरीके से पढ़ाने की विधियां समझाई गईं।
माध्यमिक शाला परिसर मोहगांव में प्रशिक्षण के लिए तीन अलग-अलग कक्षों की व्यवस्था की गई थी। प्रत्येक कक्ष में मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्धारित विषयों और गतिविधियों के माध्यम से FLN की अवधारणाओं तथा उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गतसिंह भवेदी एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष शिव कुमार अड्डू भैया मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षकों से संवाद करते हुए मोहगांव क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने और बच्चों में आवश्यक कौशल विकसित करने की दिशा में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी अजीत जैन एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक डॉ. विनीत कुमार दुबे ने भी प्रशिक्षण में सहभागिता की। उन्होंने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचने और बच्चों की शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने शिक्षकों से अपने जीवन के अमूल्य समय को बच्चों की शिक्षा के लिए समर्पित करने तथा उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स घनश्याम यादव, पुरुषोत्तम नरते, दयाराम धुर्वे, कामता बैरागी, बैनीराम भांवरे और सुखलाल सैयाम ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई।
प्रशिक्षकों ने तकनीकी उपकरणों एवं विभिन्न शिक्षण सहायक सामग्रियों का उपयोग करते हुए शिक्षकों को गतिविधि आधारित प्रशिक्षण दिया, ताकि प्रशिक्षण में सीखी गई विधियों को विद्यालय की कक्षाओं में प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।
FLN प्रशिक्षण को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में जनपद शिक्षा केंद्र के समस्त जनशिक्षकों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों ने सहयोग किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता में वृद्धि कर शुरुआती कक्षाओं के बच्चों में पढ़ने, लिखने, समझने और बुनियादी गणितीय कौशल को मजबूत करना रहा।
मंडला | मोहगांव | FLN प्रशिक्षण | शिक्षा | बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान
