मंडला की छंद साधिका योगिता चौरसिया को हिंदी सेवी सम्मान, ‘छंद कलश’ के लिए मिला नारी लेखन पुरस्कार
योगिता चौरसिया की कृति ‘छंद कलश’ को सम्मान
भोपाल/मंडला। मंडला की कवयित्री एवं छंद साधिका श्रीमती योगिता चौरसिया प्रेमा को उनकी कृति ‘छंद कलश’ के लिए स्व. श्रीमती प्रकाश कुमारी हरकावत नारी लेखन पुरस्कार हिंदी सेवी सम्मान से सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश राष्ट्र भाषा प्रचार समिति के प्रतिष्ठित हिंदी भाषी हिंदी सेवी सम्मान समारोह का आयोजन भोपाल के हिंदी भवन सभागार में हुआ। यह सम्मान उनके सृजनात्मक, रचनात्मक और समाजोन्मुखी अवदान के परिप्रेक्ष्य में दिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि हरियाणा एवं त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भोपाल के लोकसभा सदस्य आलोक शर्मा एवं भोपाल के विधायक भगवान दास सबनानी शामिल हुए। समारोह रघुनंदन शर्मा की अध्यक्षता में तथा मंत्री संचालक, साहित्य अकादमी निदेशक विकास दवे की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
योगिता चौरसिया की काव्यकृति ‘छंद कलश’ को विगत वर्ष मध्य प्रदेश शासन संस्कृति मंत्रालय द्वारा अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति सम्मान भी प्राप्त हुआ था।
सम्मान समारोह में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार उपस्थित रहे। उन्होंने योगिता के सृजन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
