Breaking

revanchal times new

मंडला फोर्ट में 15 महीने से आ रहा पंचवैली एक्सप्रेस का खाली रैक, यात्रियों को सेवा मिलने का इंतजार

दैनिक रेवाँचल टाईम्स

मंडला फोर्ट में 15 महीने से आ रहा पंचवैली एक्सप्रेस का खाली रैक, यात्रियों को सेवा मिलने का इंतजार

दीपावली से पहले मंडला को मिलेगी पंचवैली एक्सप्रेस की सुविधा?

दैनिक रेवाँचल टाईम्स, मंडला। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करोड़ों रुपए खर्च कर मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन को आधुनिक रूप दिया गया है, लेकिन सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी को लेकर यात्रियों का इंतजार बना हुआ है। स्थानीय स्तर पर उठाई जा रही मांग के बावजूद पंचवैली एक्सप्रेस में मंडला फोर्ट से यात्रा की सुविधा नहीं मिलने से रेलवे प्रशासन के रवैये पर सवाल उठ रहे हैं।

मंडला फोर्ट में 15 महीने से आ रहा पंचवैली एक्सप्रेस का खाली रैक, यात्रियों को सेवा मिलने का इंतजार

खाली रैक आता है, यात्रियों को अनुमति नहीं

इंदौर से छिंदवाड़ा और सिवनी के रास्ते नैनपुर तक चलने वाली पंचवैली एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 19343/19344, का खाली रैक पिछले 15 महीने से प्रतिदिन मंडला फोर्ट स्टेशन आ रहा है और दिनभर यहां खड़ा रहता है। इसके बावजूद मंडला फोर्ट से यात्रियों को इस ट्रेन में सफर करने की अनुमति नहीं मिल रही है। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस व्यवस्था का लाभ यात्रियों को भी दिया जाए।

त्योहारों पर महंगी बस यात्रा की मजबूरी

मंडला से भोपाल और इंदौर के लिए प्रतिदिन निजी बसों का संचालन होता है। सीधी रेल सुविधा नहीं होने से यात्रियों को महंगी बस यात्रा का सहारा लेना पड़ रहा है। दीपावली और छठ पर घर लौटने वाले विद्यार्थियों और कामकाजी लोगों के लिए यह परेशानी बढ़ जाती है। यात्रियों की शिकायत है कि बसों के मनमाने किराए से आर्थिक बोझ बढ़ता है और समय भी अधिक लगता है।

9 जून और 22 अक्टूबर को मिला विभाग को मांग भेजने का जवाब

इस मुद्दे को 9 जून को सोशल मीडिया के माध्यम से उठाए जाने पर डीआरएम नागपुर एसईसीआर की ओर से बताया गया था कि यात्री की मांग संबंधित विभाग को भेज दी गई है। इसके बाद 22 अक्टूबर को फिर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई। इस बार भी जवाब दिया गया कि मांग संबंधित विभाग को भेज दी गई है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

महीनों बाद भी जमीनी स्थिति में बदलाव नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। मंडला से नागपुर और अन्य प्रमुख शहरों की सीधी कनेक्टिविटी के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं और पत्र लिखे जा रहे हैं। इसके बावजूद सुविधा शुरू नहीं होने को लेकर नागपुर मंडल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

यात्रियों के सामने सवाल बना हुआ है कि मंडला फोर्ट तक प्रतिदिन आने वाले खाली रैक में यात्रा की सुविधा कब मिलेगी और क्या दीपावली से पहले पंचवैली एक्सप्रेस का लाभ मंडला के लोगों तक पहुंच सकेगा।

दैनिक रेवाँचल टाईम्स

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new