ग्राम लफरा में विकास कार्यों का भूमिपूजन, सड़क-नाली और मुक्तिधाम निर्माण से बदलेगी तस्वीर
खेरमाई मंदिर परिसर में हुआ कार्यक्रम, ग्रामीणों ने समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने की जताई उम्मीद
दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला। जनपद पंचायत भुआ बिछिया अंतर्गत ग्राम लफरा में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन विधि-विधान एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम खेरमाई मंदिर परिसर में आयोजित किया गया, जहां सड़क, नाली, मुक्तिधाम सहित गांव की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्यों की शुरुआत की गई।
भूमिपूजन के दौरान ग्रेवल रोड से खेरमाई तक मुख्य सड़क, मेन रोड से तालाब तक सड़क, टेकचंद के घर से मनोहर के घर तक सीसी रोड, मुक्तिधाम तालाब के पास तार फेंसिंग, मुक्तिधाम निर्माण, पटपरा में पक्की नाली तथा मेन रोड से असाढू के घर तक सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
ग्रामीण अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती
सड़क और नाली निर्माण से गांव में आवागमन तथा जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं मुक्तिधाम निर्माण और तार फेंसिंग से ग्रामीणों को आवश्यक सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्राम लफरा की बुनियादी अधोसंरचना को मजबूती मिलने की बात कही गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. शिवराज शाह (शिवा भैया) उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठ समाजसेवी कौशल्या मरावी, सरपंच विमला मरावी, उपसरपंच हरिश्चंद्र चंद्रोल, मंडल अध्यक्ष नीरज पटेल, मंडल महामंत्री सोनल पटेल, वरिष्ठ नागरिक रमेश केवट एवं राधे लाल धनगर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
समयसीमा और गुणवत्ता पर ग्रामीणों की नजर
ग्रामीणों ने विकास कार्यों के भूमिपूजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इन कार्यों का सीधा लाभ गांव के आम लोगों को मिलेगा।
