कुसमेली में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न, दस्तावेजीकरण और जनभागीदारी पर जोर
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा के निर्देशानुसार सेक्टर 5 की नवांकुर संस्था पंचरत्न शिक्षा विकास समिति छिंदवाड़ा ने कुसमेली स्थित भवन में एक दिवसीय सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रस्फुटन समितियों की क्षमता बढ़ाना, सामाजिक गतिविधियों को व्यवस्थित करना और ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने मार्गदर्शन दिया। अध्यक्षता राष्ट्रपति पुरस्कृत समाजसेवी एवं परामर्शदाता विनोद तिवारी ने की। कार्यक्रम के संयोजक नवांकुर संस्था पंचरत्न शिक्षा विकास समिति के अध्यक्ष रविकांत चंदेल थे।
दस्तावेजीकरण से होगा कार्यों और सामाजिक योगदान का आकलन
जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने प्रस्फुटन समितियों के कार्यों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने, बैठकों की कार्यवाही लिखने, सामाजिक गतिविधियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का दस्तावेजीकरण करने तथा आवश्यक अभिलेखों को नियमित रूप से संधारित करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दस्तावेजीकरण प्रस्फुटन समितियों के कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे समितियों की गतिविधियों, कार्यों की प्रगति और सामाजिक योगदान का आकलन करने में मदद मिलती है।
जैन ने सदस्यों से जनभागीदारी बढ़ाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सेतु बनें समितियां
विनोद तिवारी ने कहा कि नगरीय एवं ग्रामीण अंचलों की प्रस्फुटन समितियों को शासन की लाभकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सेतु के रूप में कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि नवांकुर संस्थाएं और प्रस्फुटन समितियां जितनी सशक्त होंगी, जनसमस्याओं के निदान का मार्ग उतना ही प्रशस्त होगा।
संयोजक रविकांत चंदेल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं नगरीय प्रस्फुटन समितियों को शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रमुख स्रोत के रूप में पहचान दिलाने के उद्देश्य से सदस्यों को दस्तावेजीकरण, रिकॉर्ड संधारण और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जिला समन्वयक और वक्ताओं का मार्गदर्शन सेवाभावी कार्यों को सही दिशा देने में संजीवनी का कार्य करेगा।
परामर्शदाता तृप्ति सिंह और लता नागले ने प्रतिभागियों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा जन अभियान परिषद के शक्ति संचय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण के उद्देश्यों से परिचित कराया।
पौधरोपण किया, प्रतिभागियों को दिए प्रमाण पत्र
इस अवसर पर पौधे का पूजन कर फलदार पौधा रोपा गया। सभी प्रतिभागियों को अतिथियों ने सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्हें प्रशिक्षण सामग्री के साथ पेन और पैड भी दिए गए।
कार्यक्रम में परामर्शदाता तृप्ति सिंह, लता नागले, आशीष साहू, प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, नवांकुर सखियां, बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी तथा अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर उन्हें याद किया। पंचरत्न शिक्षा विकास समिति के सचिव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।