जबलपुर में ऑटो चालक की गुंडागर्दी! 20 रुपये किराए के बदले मांगे 20 हजार, चाकू मारकर लूटे 500 रुपये
रेलवे स्टेशन जा रहे युवक पर हमला, सिविल लाइन पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, नाबालिग साथी अभिरक्षा में
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – जबलपुर। शहर में ऑटो से रेलवे स्टेशन जाना एक युवक को भारी पड़ गया। महज 20 रुपये किराया तय करके ऑटो में बैठे यात्री से स्टेशन पहुंचने पर 20 हजार रुपये की मांग कर दी गई। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया और उसकी जेब से 500 रुपये लूटकर फरार हो गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके 16 वर्षीय विधि विवादित साथी को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
20 रुपये में स्टेशन छोड़ने की बात, पहुंचते ही मांगे 20 हजार
पुलिस के अनुसार, सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमरा निवासी 25 वर्षीय दिलकेश शाह 8 अक्टूबर की रात करीब डेढ़ बजे जबलपुर पहुंचे थे। उन्हें पुणे जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचना था। इसके लिए उन्होंने तीन पत्ती चौराहे पर एक ऑटो रोका।
ऑटो में चालक के अलावा एक अन्य युवक भी बैठा था। रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए 20 रुपये किराया तय होने पर दिलकेश उसमें बैठ गए। आरोप है कि स्टेशन के पास पहुंचते ही दोनों ने अचानक 20 हजार रुपये की मांग शुरू कर दी।
विरोध किया तो चाकू से हमला, जेब से छीने 500 रुपये
पीड़ित ने जब तय किराए का हवाला देते हुए इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि ऑटो में बैठे युवक ने चाकू निकालकर धमकाया। दिलकेश ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें पकड़कर कमर के दाहिने हिस्से में चाकू मार दिया।
इसके बाद आरोपियों ने उनकी जेब से 500 रुपये छीन लिए। आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो दोनों ऑटो लेकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की शिकायत मिलने पर सिविल लाइन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को शीघ्र पकड़ने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशि धुर्वे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान की।
शुभम बेन गिरफ्तार, 16 वर्षीय साथी भी पकड़ा गया
जांच के दौरान पुलिस ने मांडवा, गोरखपुर निवासी शुभम बेन (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने 16 वर्षीय साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग साथी को भी अभिरक्षा में ले लिया।
मां के नाम पर पंजीकृत ऑटो से वारदात, चाकू भी बरामद
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना में इस्तेमाल ऑटो नाबालिग की मां के नाम पर पंजीकृत है। वारदात के समय शुभम बेन ऑटो चला रहा था, जबकि उसका नाबालिग साथी उसमें बैठा था। पुलिस के अनुसार, रुपये देने से इनकार करने पर नाबालिग ने चाकू से हमला कर 500 रुपये छीने थे।
वारदात के बाद चाकू एम्पायर के पास छिपा दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए 500 रुपये, ऑटो क्रमांक MP 20 ZX 8927 और घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मामले का खुलासा करने में सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक इंदल सिंह, प्रधान आरक्षक सदन दीक्षित तथा आरक्षक सुनील पारधी, मनीष और विनय की सराहनीय भूमिका रही।
इस घटना ने रात के समय ऑटो से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई की है।
