अंजुमन स्कूल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 300 से अधिक लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
नागपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं; ईसीजी, बीपी, शुगर और सामान्य हेल्थ चेकअप की सुविधा रही निःशुल्क
दैनिक रेवांचल टाइम्स, जबलपुर। गोहलपुर स्थित अंजुमन स्कूल में रविवार को नोवलकेयर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, नागपुर के सहयोग से विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 300 से अधिक लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर में डॉ. आदित्य जाधव, एमबीबीएस, एमडी (मेडिसिन), डॉ. सौरभ श्रृंगुपे, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ तथा डॉ. रोहिणी भोयर, स्त्री रोग विशेषज्ञ ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
इस दौरान क्रिटिकल केयर, हड्डी रोग, मस्तिष्क संबंधी समस्याओं, पेट की बीमारियों तथा महिला स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर विशेषज्ञों ने मरीजों को आवश्यक सलाह और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया।
ईसीजी, बीपी और शुगर जांच भी रही निःशुल्क
शिविर में मरीजों के लिए ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर जांच एवं सामान्य हेल्थ चेकअप की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को आगे के उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के संबंध में भी जानकारी दी गई।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और विभिन्न जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलने से गोहलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में नागरिकों को राहत मिली। कई मरीजों ने बिना अस्पताल गए शुरुआती जांच और विशेषज्ञ परामर्श का लाभ लिया।
आयोजन में अंजुमन और ईदगाह पदाधिकारियों का सहयोग
शिविर के आयोजन में अंजुमन वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अनवर अनु, मोमिन ईदगाह के अध्यक्ष राशिद अंसारी सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने सहयोग किया। नोवलकेयर हॉस्पिटल की मैनेजर अंजली ने शिविर के समन्वय, व्यवस्थाओं और चिकित्सा टीम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य आयोजक सनी खान ने कहा कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और जांच की सुविधा मिल सके।
सनी खान ने शिविर को सफल बनाने वाले चिकित्सकों, नोवलकेयर हॉस्पिटल की टीम, अंजुमन एवं ईदगाह से जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
