‘पिछड़ों की आधी आबादी को मिले आधा हक’, जाति जनगणना को लेकर सेमरिया में कांग्रेस की हुंकार
कुँवर सिंह पटेल के नेतृत्व में बस स्टैंड से तहसील कार्यालय तक निकली रैली; OBC जातियों के लिए अलग वैज्ञानिक कोड सहित कई मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
दैनिक रेवांचल टाइम्स | सेमरिया, रीवा। आगामी जाति जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की जातियों की अलग-अलग और वैज्ञानिक तरीके से गणना सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सेमरिया में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय समन्वयक कुँवर सिंह पटेल के नेतृत्व में बस स्टैंड से तहसील कार्यालय सेमरिया तक रैली निकाली गई और राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया।
बस स्टैंड से तहसील कार्यालय तक निकाली रैली
जाति जनगणना में OBC वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सेमरिया बस स्टैंड से तहसील कार्यालय तक रैली निकाली। इसके बाद अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि प्रत्येक OBC जाति के लिए अलग वैज्ञानिक कोड निर्धारित किया जाए, प्रमाणिक जाति सूची तैयार हो और जातियों के वैज्ञानिक वर्गीकरण की व्यवस्था लागू की जाए।
एक ही जाति के अलग-अलग नामों से आंकड़ों में भ्रम का दावा
कांग्रेस नेता कुँवर सिंह पटेल ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में एक ही जाति के कई नाम, उपनाम और पर्यायवाची प्रचलित होने के कारण जनगणना के आंकड़ों में भ्रम की स्थिति बन सकती है। इससे संबंधित जातियों की वास्तविक संख्या प्रभावित होने की आशंका रहती है।
उन्होंने मांग की कि जनगणना में यूनिक साइंटिफिक कास्ट कोड जैसी व्यवस्था लागू की जाए, जिससे जातिगत आंकड़ों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
‘सामाजिक न्याय के लिए सही आंकड़े जरूरी’
कुँवर सिंह पटेल ने कहा कि सामाजिक न्याय, समान प्रतिनिधित्व और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सही जातिगत आंकड़े आवश्यक हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष एवं पार्षद मोवीन खान, नगर पंचायत प्रतिनिधि रोहिणी कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि बहादुर सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष खेमराज, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सेमरिया विष्णु प्रताप सिंह और शाहपुर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विवेक सिंह सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनके अलावा रामकलेश रावत, सूखी लाल रावत, महेंद्र सिंह, मोले सिंह, कौशल पटेल, संतराज सिंह, चेतराम, राजू साकेत, सीएम खारा, पार्षद सुंदर साकेत, लल्लू शर्मा, अनिल त्रिपाठी, ललन सिंह और पार्षद प्रतिनिधि संजू सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
