नैनपुर में पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर संगोष्ठी, ‘अंत्योदय और एकात्म मानववाद’ पर वक्ताओं ने रखे विचार
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत शासकीय स्नातक महाविद्यालय में विकासखंड स्तरीय आयोजन
नैनपुर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कार्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के अध्ययन केंद्र शासकीय स्नातक महाविद्यालय नैनपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी आयोजित की गई।
25 सितंबर की जयंती के उपलक्ष्य में 27 सितंबर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में समाज कार्य स्नातक-स्नातकोत्तर की संपर्क कक्षा के छात्र-छात्राओं और परामर्शदाताओं ने सहभागिता की। आयोजन जिला समन्वयक सुशील बर्मन के निर्देशन और ब्लॉक समन्वयक सीता उइके के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में अविनाश नामदेव नगर विकास समिति नैनपुर, सुधीर बंदेवार, प्रवीण छोटे ठाकुर, जयदीप गोविंद भारतिया तथा मुख्य वक्ता अक्षिता नामदेव और समाजसेवी अखिलेश शुक्ला सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया।
मुख्य वक्ता अक्षिता नामदेव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं प्रवीण छोटे ठाकुर ने उनके जीवन संघर्ष और सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे।
वक्ता अखिलेश शुक्ला ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए दीनदयाल अंत्योदय योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय से जुड़े एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचारों की चर्चा की।
वक्ताओं ने कहा कि अंत्योदय की मूल भावना समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े कमजोर और वंचित व्यक्ति के उत्थान पर केंद्रित है। संगोष्ठी में वक्ताओं ने अपने संबोधनों में राष्ट्रीय चिंतकों के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक सीता उइके ने उपस्थित अतिथियों, वक्ताओं, परामर्शदाताओं और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही विकासखंड स्तरीय संगोष्ठी का समापन हुआ।
नैनपुर | मंडला | संगोष्ठी | जन अभियान परिषद
.png)