मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: अतरवाड़ा स्कूल पहुंचे कलेक्टर-SP, विद्यार्थियों से पूछा—क्या हैं आपके मौलिक अधिकार?
रेवांचल टाइम्स, छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम एक्शन मोड में नजर आई। कलेक्टर नारायन और पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने अधिकारियों के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अतरवाड़ा का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और पढ़ाई, संविधान, करियर तथा दैनिक जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे।
संविधान के पाठ से लेकर करियर गाइडेंस तक
कक्षा 11वीं के कला संकाय में पहुंचे कलेक्टर नारायन ने विद्यार्थियों से भारतीय संविधान, प्रमुख अनुच्छेदों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों से जुड़े सवाल पूछे। छात्रों के सटीक उत्तरों पर उन्होंने संतोष जताया और कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध होना भी उतना ही जरूरी है।
वहीं कक्षा 12वीं की अंग्रेजी कक्षा में पहुंचे अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हिंदी के साथ अंग्रेजी भाषा सीखने पर जोर दिया। सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि बहुभाषी ज्ञान से भविष्य में रोजगार और करियर के बड़े अवसर खुलते हैं।
जिज्ञासु बनें, रोज पढ़ें हिंदी-अंग्रेजी अखबार
विद्यालय में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के समाचार पत्र देखकर कलेक्टर ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि भाषा, समझ और अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करने के लिए रोजाना दोनों भाषाओं के समाचार पत्र पढ़ने की आदत डालें।
SP की नसीहत—संभलकर चलाएं इंटरनेट, परिजनों को दिलवाएं हेलमेट
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करें और घर पर अपने परिजनों को हेलमेट लगाकर ही दोपहिया वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें।
अस्पताल और जन समाधान शिविर का लिया जायजा
स्कूल निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अमला प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिडरईकला पहुंचा, जहां स्वास्थ्य सेवाओं और एंटी स्नेक वेनम (ASV) की उपलब्धता की समीक्षा की गई। इसके बाद अधिकारियों ने ग्राम पंचायत सुसरई में आयोजित जन समाधान शिविर में भाग लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
